MP News: सागर शराब कांड के बाद बदली पूरी कमान, अब सिस्टम की होगी परीक्षा

Published : Sep 10, 2026, 08:57 AM IST
sagar illegal liquor case cm mohan yadav judicial inquiry

सार

सागर के बंडा-शाहगढ़ अवैध शराब मामले में CM मोहन यादव ने न्यायिक जांच के आदेश दिए। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और नशा मुक्ति अभियान के निर्देश दिए।

भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि इस पूरे प्रकरण में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाए। साथ ही, ऐसी घटनाओं की दोबारा पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जिले में व्यापक नशा मुक्ति अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और अपराध तथा असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Sagar Liquor Case: अवैध शराब पर चलेगा जब्ती और जांच अभियान

मुख्यमंत्री ने सागर में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के सभागार में जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को पूरी व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

डॉ. यादव ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब से जुड़ी सामग्री को जब्त करने की कार्रवाई तेज की जाए। केवल सागर जिले तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि आसपास के इलाकों और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी गहन जांच अभियान चलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जहां भी संदिग्ध गतिविधि या किसी तरह की शंका की गुंजाइश हो, वहां तुरंत जांच की जाए। लापरवाही की कोई जगह नहीं होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।

Sagar Illegal Liquor Case: निष्पक्ष जांच और निर्दोषों की सुरक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्रवाई के दौरान निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी निर्दोष व्यक्ति को कार्रवाई का सामना न करना पड़े, यह भी सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। गंभीर मामलों में जिम्मेदारी तय करने के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर भी जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।सागर के अवैध शराब मामले में मुख्यमंत्री ने न्यायिक जांच के आदेश भी दिए हैं। इसका उद्देश्य पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर घटना से जुड़े तथ्यों और जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण करना है।

Sagar News: कमिश्नर और IG की जिम्मेदारी बदली

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद सागर संभाग में प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर भी बदलाव किया गया है। दिलीप कुमार ने सागर संभाग के आयुक्त के रूप में जिम्मेदारी संभाल ली है। वहीं, इरशाद वली को सागर संभाग की पुलिस की जिम्मेदारी सौंपते हुए आईजी बनाया गया है। इन फैसलों से सरकार ने यह संकेत दिया है कि गंभीर मामलों में लापरवाही या अनियमितता को किसी भी स्तर पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को स्पष्ट तौर पर कठोर कार्रवाई के लिए निर्देश दिए हैं।

अफवाह फैलाने वालों पर भी होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शांति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की मंशा से अनावश्यक या भ्रामक अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। सरकार का फोकस केवल अवैध शराब के नेटवर्क पर कार्रवाई करने तक सीमित नहीं है। घटना के बाद किसी तरह का तनाव या भ्रम पैदा न हो, इसके लिए सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Nasha Mukti Abhiyan: समाज को साथ लेकर चलेगा अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में नशा विरोधी अभियान को और तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई की जरूरत है। इसके साथ ही लोगों को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक स्तर पर भी प्रयास करने होंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशा मुक्ति के क्षेत्र में काम कर रही स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को साथ लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं। धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और शासन के स्तर पर मिलकर नशा मुक्ति के अभियान को आगे बढ़ाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल सरकारी कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी। इसके लिए समाज की सामूहिक भागीदारी और प्रतिबद्धता भी जरूरी है।

MP में अवैध शराब पर कड़े कानून का हवाला

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में अवैध शराब और ऐसे गंभीर मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर सजा का प्रावधान है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में बनाए गए कठोर कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि संबंधित धाराओं के तहत हत्या से लेकर आजीवन कारावास और फांसी तक की सजा का प्रावधान है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सबसे कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, यदि कहीं अवैध अतिक्रमण के जरिए या किसी अन्य तरीके से अवैध गतिविधियों का नेटवर्क खड़ा किया गया है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

Bundelkhand Medical College: मुख्यमंत्री ने मरीजों का जाना हाल

सागर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भी पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में जाकर बंडा क्षेत्र के अवैध शराब मामले से प्रभावित मरीजों का हाल जाना। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मरीज से मिलकर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों से भी बातचीत की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने परिजनों से परिवार के सदस्यों के बारे में भी जानकारी ली और उन्हें चिंता नहीं करने का भरोसा दिया। उन्होंने अस्पताल के प्रभारी डीन, अधीक्षक और वरिष्ठ चिकित्सकों को प्रभावित मरीजों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डॉ. यादव ने आवश्यक दवाओं, जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता 24 घंटे सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों के उपचार में किसी तरह की कमी न रहे।

Sagar Liquor Case पर सरकार का स्पष्ट संदेश

सागर के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट कर दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। न्यायिक जांच के साथ अवैध शराब के खिलाफ अभियान, संदिग्ध गतिविधियों की जांच और नशा मुक्ति अभियान को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार का कहना है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। साथ ही, कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Sagar Liquor News: जहरीली शराब मामले में CM मोहन यादव का सख्त एक्शन, अधिकारियों को फ्री हैंड
MP Yaatri Parivahan Vision Summit 2026: गांवों से शहरों तक बदलेगा सफर, निवेश-रोजगार को भी बूस्ट