
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक देश की अर्थव्यवस्था को 3 ट्रिलियन तक ले जाने का लक्ष्य रखा है और इसमें पर्यटन की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘देखो अपना देश’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘ट्रिपल टी’ यानी टेक्नोलॉजी, ट्रेड और टूरिज्म के मंत्र ने देश के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा दी है।
मुख्यमंत्री बुधवार को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में ‘मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026’ के सातवें संस्करण के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के पर्यटन विकास को गति देना, पर्यटकों की बढ़ती संख्या को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करना और टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों तथा होमस्टे संचालकों को व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पर्यटन अब केवल घूमने और प्राकृतिक स्थलों को देखने तक सीमित नहीं है। यह प्रदेश की कला और संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने के साथ-साथ रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि देश में पर्यटन के लिए कई शानदार स्थान हैं, लेकिन जब भी घूमने का प्लान बनाएं तो सबसे पहले अपने मध्यप्रदेश को चुनें। डॉ. यादव ने कहा कि आज पर्यटक सिर्फ नए स्थान देखने नहीं जाता, बल्कि अनुभव तलाशता है। सुंदर और शांत वातावरण, ट्रैकिंग, एडवेंचर, वेलनेस और स्पिरिचुअल टूरिज्म तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में लगातार नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। वर्ष 2025 में प्रदेश में 21 करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे, जो 2024 की तुलना में 57 प्रतिशत ज्यादा है। उन्होंने कहा कि चीतों की वापसी के बाद मध्यप्रदेश में वन पर्यटन को भी नई मजबूती मिली है। 17 सितंबर 2022 से चीता पुनर्स्थापना की शुरुआत हुई थी। शुरुआत में 20 चीते लाए गए थे और अब इनकी संख्या बढ़कर 60 हो चुकी है। उन्होंने बताया कि वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व चीतों के लिए प्रदेश का तीसरा आश्रय स्थल बन गया है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, मध्यप्रदेश का आध्यात्मिक और वन्यजीव पर्यटन अब उसकी पहचान बन चुका है। प्रदेश के 12 नेशनल पार्क और 9 टाइगर रिजर्व जैव विविधता के लिहाज से बड़ी संपदा हैं। उन्होंने देशभर से आए टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स, पर्यटन क्षेत्र के प्रतिनिधियों और निवेशकों का स्वागत करते हुए कहा कि वे कुछ दिन मध्यप्रदेश में बिताएं, क्योंकि यहां आने वाला व्यक्ति इस अनुभव को आसानी से भूल नहीं पाएगा।
संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता, परंपराएं और आध्यात्मिक धरोहर देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।
धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि वर्ष 2025 में 21 करोड़ से ज्यादा पर्यटकों का मध्यप्रदेश आना पर्यटन क्षेत्र के विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दिखाता है। MP Travel Mart पर्यटन क्षेत्र के अलग-अलग हितधारकों को एक मंच पर लाने के साथ नए पर्यटन अवसर विकसित करने और मध्यप्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कहा कि प्रदेश अब ‘इंटीग्रेट, इनोवेट और इंस्पायर’ यानी एकीकृत करने, नवाचार करने और प्रेरित करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2025 में प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि हुई और 21 करोड़ से ज्यादा पर्यटकों का आगमन हुआ। यह संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले 57 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने ‘हार्ट ऑफ इनक्रेडिबल इंडिया’ की आतिथ्य परंपरा का अनुभव लेने का आह्वान करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की यात्रा में एक मजबूत मंच साबित हो रहा है।
फिक्की मध्यप्रदेश और AITO के चेयरमैन महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन का भविष्य ‘एक्सपीरियंस टूरिज्म’ में है। उन्होंने कहा कि अब पर्यटक केवल किसी जगह को देखकर वापस नहीं जाना चाहता। वह वहां की संस्कृति, कला, शिल्प, खान-पान और ग्रामीण जीवन को करीब से अनुभव करना चाहता है। पर्यटन अब यात्रा से आगे बढ़कर अनुभव, कहानियों और नए संबंधों का माध्यम बन रहा है। इसी सोच को ‘देखो अपना देश, सबसे पहले मध्यप्रदेश’ के संदेश के जरिए आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और विभिन्न संस्थाओं के बीच छह महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान हुआ। इनमें ग्रामीण पर्यटन, एडवेंचर टूरिज्म, मोटरस्पोर्ट्स, फिल्म एवं कंटेंट निर्माण, AI आधारित डिजिटल पर्यटन और वन्यजीव पर्यटन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
Explurger के साथ AI आधारित डिजिटल पर्यटन और पर्यटक अनुभव को बेहतर बनाने के लिए समझौता किया गया है। इसके तहत AI एजेंट के माध्यम से चुनिंदा पर्यटन स्थलों पर बहुभाषी डिजिटल सहायता, पर्यटक मार्गदर्शन और स्टोरीटेलिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा 100 पर्यटन गंतव्यों पर चरणबद्ध तरीके से 1,000 QR बोर्ड स्थापित किए जाएंगे।
राजसन होटल्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ बांधवगढ़, सतपुड़ा और कान्हा टाइगर रिजर्व में प्रस्तावित वन्यजीव पर्यटन परियोजनाओं के विकास के लिए समझौता हुआ है। इस परियोजना में ₹520 करोड़ के संभावित निवेश और 375 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना जताई गई है।
ग्राम स्टे–कनेक्टिंग विलेजेज ऑफ इंडिया के साथ ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने, गांवों की डिजिटल विजिबिलिटी बढ़ाने और होमस्टे की ऑनलाइन बुकिंग को प्रोत्साहित करने के लिए समझौता किया गया। वहीं TVF तथा KRARK फैमिली ऑफिस एवं प्रमोटर ग्रुप के साथ फिल्म निर्माण, स्किल डेवलपमेंट, कंटेंट निर्माण और फिल्म टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए करार हुआ।
एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ATOAI) के साथ एडवेंचर टूरिज्म के विकास और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने पर सहयोग किया गया। इसके अलावा NATRAX के साथ मोटरस्पोर्ट्स और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने तथा पर्यटन गतिविधियों का विस्तार करने के लिए समझौता हुआ।
मध्यप्रदेश में नई पर्यटन परियोजनाओं की स्थापना के लिए कार्यक्रम के दौरान लेटर ऑफ अवार्ड (LOA) भी प्रदान किए गए। मेसर्स पालिया कंस्ट्रक्शन, ग्वालियर के पार्टनर अनूप शर्मा को निवाड़ी जिले के ओरछा में ₹50 करोड़ के प्रस्तावित निवेश से रिसॉर्ट परियोजना स्थापित करने के लिए LOA दिया गया। वहीं वीरेंद्र जादौन को पन्ना जिले के लक्ष्मीपुर पैलेस में ₹10 करोड़ के प्रस्तावित निवेश से हेरिटेज होटल परियोजना के लिए LOA प्रदान किया गया।
वैश्विक पर्यटकों को बेहतर और आधुनिक डिजिटल अनुभव देने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट mptourism.com के बहुभाषी संस्करण का लोकार्पण किया गया। अब वेबसाइट पर हिंदी और अंग्रेजी के अलावा जर्मन, स्पैनिश, फ्रेंच और जापानी भाषाओं में भी जानकारी उपलब्ध होगी।
इसके साथ ही ‘टेलमी डिजीइन्फोटेक’ के सहयोग से तैयार ‘MP Travel Handbook’ भी लॉन्च किया गया। यह एक डायनेमिक डिजिटल कॉफी टेबल बुक है, जिसमें 360-डिग्री व्यू, AI स्टोरीटेलिंग, VR लिंक्स और ऑडियो नरेशन जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
कार्यक्रम में कोरियोग्राफर मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में 100 से अधिक कलाकारों ने ‘अमृतस्य मध्यप्रदेश’ नाम की सांस्कृतिक नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। प्रस्तुति की शुरुआत ‘ओम’ की गूंज से हुई। इसके बाद भीमबेटका, सांची, खजुराहो, ग्वालियर और ओरछा की ऐतिहासिक विरासतों के साथ मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक और वस्त्र परंपराओं को मंच पर जीवंत किया गया। प्रस्तुति में प्रदेश के वन्यजीवों के अलावा उज्जैन के सांदीपनि आश्रम, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर और नर्मदा के आध्यात्मिक वैभव को भी दिखाया गया। अंत में मां नर्मदा की आरती और वर्ष 2028 के सिंहस्थ कुंभ के दृश्यों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
FAM Tour के लिए मध्यप्रदेश आए विदेशी टूर ऑपरेटर्स के अनुभव आधारित वीडियो भी कार्यक्रम में लॉन्च किए गए। इन वीडियो में विदेशी प्रतिनिधियों ने प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, होमस्टे और वन्यजीव पर्यटन के अपने अनुभव साझा किए। वीडियो के जरिए मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों के साथ यहां की मेहमाननवाजी की झलक भी पेश की गई।
MP Travel Mart 2026 में केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, विजक्वेस्ट हॉस्पिटैलिटी के निदेशक एस. वेंकट एन. रेड्डी, ARM Foods के चेयरमैन अतुल अग्रवाल, प्रसिद्ध शेफ और टीवी प्रस्तोता रणवीर बराड़ समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इस वैश्विक पर्यटन आयोजन में 34 से अधिक देशों के 100 से ज्यादा विदेशी टूर ऑपरेटर्स, देशभर के 180 घरेलू टूर ऑपरेटर्स और फिल्म जगत से जुड़े प्रतिनिधियों सहित 600 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।