
मध्यप्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड शुरू करने की घोषणा की। इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने डिजिटल क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर्स और युवाओं की सकारात्मक भूमिका की सराहना करते हुए नवाचार और गुणवत्तापूर्ण कंटेंट को बढ़ावा देने की बात कही।
भोपाल/इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 11 जुलाई को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 'मध्यप्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026' के दौरान प्रदेशभर से आए डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर्स के साथ खुलकर संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं द्वारा डिजिटल माध्यमों के जरिए समाज में जागरूकता फैलाने और सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों की सराहना की। साथ ही, प्रदेश के प्रतिभाशाली डिजिटल क्रिएटर्स को प्रोत्साहित करने के लिए 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड' शुरू करने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गए हैं, बल्कि समाज को नई दिशा देने और लोगों को जागरूक करने का प्रभावी साधन बन चुके हैं। ऐसे में जिम्मेदारी के साथ काम करने वाले डिजिटल क्रिएटर्स का सम्मान किया जाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार उन युवाओं को सम्मानित करेगी, जो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक सोच, नवाचार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर गुणवत्तापूर्ण कंटेंट तैयार कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड' की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल डिजिटल क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले युवाओं का उत्साह बढ़ाएगी, बल्कि अन्य युवाओं को भी समाजहित में रचनात्मक और जिम्मेदार कंटेंट तैयार करने के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से समाज निर्माण, सकारात्मक परिवर्तन और जनजागरूकता में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों तक तेजी से जानकारी पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा सिर्फ वीडियो या पोस्ट तैयार नहीं कर रहा, बल्कि अपने विचारों के जरिए समाज को नई सोच दे रहा है, लोगों को जोड़ रहा है और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को आवाज दे रहा है। यदि डिजिटल माध्यमों का उपयोग जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के साथ किया जाए तो समाज में बड़े स्तर पर रचनात्मक बदलाव संभव हैं।
इस संवाद कार्यक्रम में इंदौर, उज्जैन, धार समेत मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कई डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर्स शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और डिजिटल क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार डिजिटल नवाचार, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रयासों को लगातार बढ़ावा देती रहेगी, ताकि मध्यप्रदेश के युवा डिजिटल क्षेत्र में नई पहचान बना सकें।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।