
Madhya Pradesh Kisan Kalyan Yojana 2025: मध्यप्रदेश के किसानों के लिए 14 अगस्त 2025 का दिन ऐतिहासिक साबित होने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंडला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना 2025-26 की दूसरी किस्त का सीधा अंतरण किसानों के बैंक खातों में करेंगे। यह कार्यक्रम बलराम जयंती (Balram Jayanti 2025 Mandla Event) के अवसर पर होगा, जिसमें प्रदेश के 83 लाख से अधिक किसान हितग्राही लाभान्वित होंगे।
सितंबर 2020 में शुरू हुई मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना किसानों की आय को स्थिर और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लागू की गई थी। इसके तहत प्रत्येक किसान को ₹6,000 प्रति वर्ष की सहायता राशि दी जाती है। खास बात यह है कि यह राशि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अलावा है, यानी किसानों को दोनों योजनाओं से अतिरिक्त लाभ मिलता है।
योजना लागू होने से लेकर मार्च 2025 तक, 17,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डाली गई है। इस बार दूसरी किस्त के तहत किसानों के खातों में करोड़ों रुपये का सीधा ट्रांसफर होगा, जिससे खरीफ सीजन में किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें…MP Heavy Rain Alert: 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, इंदौर-उज्जैन में 15 अगस्त से बड़ा बदलाव
बलराम जयंती कृषि परंपरा और मेहनतकश किसान के सम्मान का प्रतीक मानी जाती है। इसे किसानों की मेहनत, भूमि और उत्पादन की शक्ति को समर्पित माना जाता है। ऐसे में इस दिन योजना की किस्त जारी करना न केवल आर्थिक मदद है बल्कि एक प्रतीकात्मक सम्मान भी है।
ऐसे करें जांच यदि आप इस योजना के पात्र हैं तो अपने किसान पंजीयन नंबर या आधार नंबर से राज्य सरकार की आधिकारिक पोर्टल पर स्टेटस चेक कर सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह कदम किसानों के मनोबल को बढ़ाने के साथ उनकी आजीविका को और मज़बूती देगा।
यह भी पढ़ें…असम से आगरा आई महिला, मुरैना में प्रेमी ने छोड़ा अकेला, अब पुलिस ने दिया नया ठिकाना
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।