
PM Modi Bhopal visit: भोपाल का जंबूरी मैदान आज महिला शक्ति के ऐतिहासिक प्रदर्शन का गवाह बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन’ में शामिल होने के लिए भोपाल पहुंच रहे हैं। यह कोई साधारण राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि महिला नेतृत्व, गरिमा और आत्मनिर्भरता का राष्ट्रीय मंच है, जहां हर भूमिका में महिलाएं ही नजर आएंगी।
प्रधानमंत्री मोदी सुबह 10:45 बजे भोपाल पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे स्ट्रेट हैंगर से हेलिकॉप्टर द्वारा 11 बजे जंबूरी मैदान जाएंगे, जहां 11:15 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। यह सम्मेलन पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित है। सुरक्षा से लेकर मंच संचालन, हेलीपैड से लेकर व्यवस्थापन तक, हर जिम्मेदारी महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के हाथ में है। यह आयोजन महिला नेतृत्व को जमीन पर उतारने का सशक्त प्रयास है।
भोपाल शहर के हर कोने में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़े पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। 15,000 से अधिक महिलाएं सिंदूर रंग की साड़ियों में प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगी। इस आयोजन को महिलाओं की गरिमा और सहभागिता का प्रतीक माना जा रहा है। दिलचस्प बात यह भी है कि प्रधानमंत्री के विमान को दतिया से भोपाल तक एक महिला पायलट उड़ाएंगी। वहीं इंदौर में मेट्रो की पहली ट्रिप में केवल महिला यात्री ही सवार होंगी, जो इस अभियान का हिस्सा हैं।
प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर को समर्पित एक स्मारक डाक टिकट और ₹300 मूल्य का एक विशेष सिक्का भी जारी करेंगे। सिक्के पर अहिल्याबाई होल्कर की छवि अंकित होगी। साथ ही, एक महिला कलाकार को आदिवासी, लोक और पारंपरिक कलाओं में योगदान के लिए राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।
सम्मेलन के मंच पर भारतीय जनता पार्टी की महिला नेता भी मौजूद रहेंगी। महिला मोर्चा इस आयोजन के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश देने जा रहा है कि भाजपा महिला सशक्तिकरण को केवल नारा नहीं, बल्कि कार्यनीति के रूप में अपनाती है।
यह भी पढ़ें: भोपाल दौरे पर PM मोदी, 2 लाख महिलाओं के बीच देंगे कोई बड़ा सरप्राइज? जानें मिनट टू मिनट कार्यक्रम
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।