दिग्विजय द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने पर भड़के शिवराज, बोले- कांग्रेस के DNA में है पाकिस्तान परस्ती

जम्मू में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांगने के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी से जवाब मांगा है। CM शिवराज ने कहा, ये कैसी यात्रा है? टुकड़े-टुकड़े गैंग आपके साथ चल रही है।

Ujjwal Singh | Published : Jan 24, 2023 12:00 PM IST

भोपाल(Madhya Pradesh). जम्मू में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांगने के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी से जवाब मांगा है। CM शिवराज ने कहा, मैं राहुल गांधी से जवाब मांगता हूं कि ये कैसी यात्रा है? टुकड़े-टुकड़े गैंग आपके साथ चल रही है। आपके द्वारा सेना का मनोबल गिराया जा रहा है। राहुल गांधी भी सवाल उठा रहे हैं कि सेना कमजोर होगी। ये देशभक्ति नहीं है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा राहुल गांधी के साथ दिग्विजय सिंह भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे हैं। दिग्विजय जी सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांग रहे हैं, इससे वे दिखा रहे हैं कि वे पाकिस्तान के साथ खड़े हैं। कांग्रेस के DNA में ही पाकिस्तान परस्ती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ये कभी सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगते हैं, कभी राम के अस्तित्व का सबूत मांगते हैं, कभी राम सेतु का सबूत मांगते हैं। दिग्विजय सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा में चलते-चलते यह बोला है। राहुल गांधी साथ चल रहे हैं। दिग्विजय सिंह सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग रहे हैं। यह सेना का मनोबल गिराने का पाप कर रहे हैं। पाकिस्तान के साथ खड़े हैं, ये दिख रहा है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी पूर्व सीएम दिग्विजय के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा, इन्होंने राष्ट्र विरोधी एक्टिविटी की सूची में आज एक और को जोड़ा। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट में कहा, आतंकी ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी, जाकिर नायक के साथ मंच साझा करना, अपने भाषणों से लगातार मातृ शक्ति के प्रति असम्मान, दिग्विजय जी ने अपनी राष्ट्रविरोधी क्रियाओं की सूची में आज एक और को जोड़ा है। दिग्विजय के भाई लक्ष्मण सिंह ने कहा- हमारी सेना पर हमें गर्व है। उन्होंने भी ट्वीट के जरिए अपनी बात रखी।

 

 

गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा भी दिग्विजय के बयान पर हमलावर

दिग्विजय सिंह के बयान पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, कमलनाथ को स्थिति साफ करनी चाहिए कि वो दिग्विजय के समर्थन में है या खिलाफ। उन्होंने कहा कि वे कश्मीर गए हैं, सेना कश्मीर की रक्षा कर रही है। आतंकवाद सुरक्षा, पाकिस्तान सुरक्षा, सेना का मनोबल तोड़ेंगे ही दिग्विजय सिंह, क्योंकि वे राहुल बाबा के यात्रा के प्रभारी हैं। राहुल बाबा के इशारे पर ही उन्होंने यह सब कुछ बोला होगा। जब भी देश के स्वाभिमान का प्रश्न आता है चाहे राहुल गांधी हो या दिग्विजय सिंह सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते है। एयर स्ट्राइक पर सवाल, वैक्सीन पर सवाल, सेना पर सवाल, न्यायपालिका पर सवाल ये कोई भी देश को अपमानित करने का अवसर छोड़ते नहीं है।

 

 

 

Share this article
click me!