
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में 12 जून को उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद लंदन जाने वाली एयर इंडिया की AI-171 फ्लाइट क्रैश हो गई, जिससे कई उम्मीदें और सपने टूट गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस विमान में एक नई-नवेली दुल्हन खुशबू राजपुरोहित भी सवार थीं, जो अपने पति के पास लंदन जा रही थीं। इस हादसे में उनकी भी मौत हो गई।
राजस्थान के बालोतरा जिले के अराबा गांव की रहने वाली खुशबू राजपुरोहित की शादी जनवरी 2025 में मनफूल सिंह से हुई थी। खुशबू के पति लंदन में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं और वो शादी के बाद पहली बार उनसे मिलने के लिए लंदन जा रही थीं। खुशबू अराबा के रहने वाले मदन सिंह राजपुरोहित की बेटी थीं। बता दें कि इस विमान हादसे में राजस्थान के रहने वाले 11 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। विमान में राजस्थान के दो पुरुष थे, जो ब्रिटेन में शेफ की नौकरी करते थे। इसके अलावा एक मार्बल व्यापारी का बेटा और बेटी भी थे।
अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट संख्या AI-171 को 10 घंटे की नॉनस्टाप उड़ान के बाद लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर लैंड करना था। विमान दोपहर 1 बजकर 38 मिनट पर अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेकऑफ करता है, लेकिन दो मिनट बाद ही 1 बजकर 40 मिनट पर मेघानी नगर में डॉक्टर्स हॉस्टल की बिल्डिंग पर जाकर क्रैश हो जाता है। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा इसमें 2 पायलट और 10 क्रू मेंबर्स भी सवार थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, चूंकि इस विमान को करीब 6800 KM की दूरी नॉनस्टाप तय करनी थी, इसलिए इसमें 1 से सवा लाख लीटर ईंधन भरा था। टेकऑफ के बाद जब विमान करीब 625 फीट की ऊंचाई पर पहुंचा तभी अचानक नीचे की ओर आने लगा। इस दौरान पायलट ने ATS को मेडे कॉल किया, लेकिन किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला और चंद सेकेंड में प्लेन आग के गोले में तब्दील हो गया। विमान के टकराने से जहां हॉस्टल और मेस की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं, वहीं 50 से ज्यादा युवा डॉक्टर घायल हो गए। इस हादसे में 6 युवा डॉक्टरों के मरने की भी खबर है।
विमान हादसे के बाद शव बुरी तरह झुलस चुके हैं। यहां तक कि उन्हें पहचानना भी मुश्किल हो रहा है। इसके चलते अब शवों की पहचान के लिए उनका डीएनए टेस्ट किया जाएगा और उसके बाद ही डेडबॉडी परिजनों को सौंपी जाएगी। इस हादसे में सिर्फ रमेश कुमार विश्वास नाम के 1 यात्री ही बचे हैं।
राजस्थान की राजनीति, बजट निर्णयों, पर्यटन, शिक्षा-रोजगार और मौसम से जुड़ी सबसे जरूरी खबरें पढ़ें। जयपुर से लेकर जोधपुर और उदयपुर तक की ज़मीनी रिपोर्ट्स और ताज़ा अपडेट्स पाने के लिए Rajasthan News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — तेज़ और विश्वसनीय राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।