कर्नल से सांसद बने भाजपा नेता ने दिखाई गांधीगिरी, काले झंडे दिखाने वालों को मिठाई खिलाने पहुंचे, जानें फिर क्या हुआ

कर्नल से सांसद बने भाजपा नेता राज्यवर्धन सिंह राठौर का लोगों ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया। इस पर गांधीगिरी दिखाते हुए राज्यवर्धन खुद ही उन्हें मिठाई खिलाने पहुंच गए। 

Yatish Srivastava | Published : Oct 16, 2023 8:26 AM IST

जयपुर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव अब नजदीक है। भाजपा में 41 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित होने के बाद अब उम्मीदवार लगातार अपने इलाकों में मतदाताओं को साधने में जुट गए हैं। कोई उम्मीदवार देव दर्शन कर रहा है तो कोई कार्यकर्ताओं के घर पर जाकर उन्हें अपने पक्ष में कर रहा है। 

राजपाल सिंह का टिकट कटने पर राज्यवर्धन का विरोध
इसी बीच राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक अनोखा मामला सामने आया है। राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी ने इस बार वसुंधरा राजे गुट के राजपाल सिंह का टिकट काटकर सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को यहां प्रत्याशी बनाया है। इसके बाद से लगातार राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का विरोध हो रहा है क्योंकि राजपाल और उनके समर्थकों का कहना है कि यहां पैराशूट उम्मीदवार को उतारा गया है। झोटवाड़ा की जनता इसे कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी।

पढ़ें  राजस्थान में बीजेपी को हो सकता है नुकसान, वसुंधरा गुट के ये नेता लड़ सकते हैं निर्दलीय चुनाव

राज्यवर्धन को दिखाए काले झंडे
ऐसे में ये संभव नहीं है कि राज्यवर्धन सिंह राठौड़ प्रचार करने जाएं और उनका विरोध न हो। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का विरोध हुआ लेकिन उन्होंने विरोध करने वालों को भी गले लगा लिया। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ अपने कार्यकर्ताओं के साथ जोबनेर में ज्वाला माता के दर्शन करने के लिए गए थे। इसी दौरान राजपाल सिंह के समर्थकों ने राज्यवर्धन सिंह को काले झंडे दिखाने शुरू कर दिए। इस दौरान राज्यवर्धन का काफिला वहीं रुक गया।

विरोध जता रहे लोगों को मिठाई खिलाने पहुंचे राज्यवर्धन
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं किया और सीधे उन विरोध जताने वाले लोगों के पास पहुंचे पहले तो राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने उनके हाथ से वह काले झंडे लिए और फिर उन्हें लड्डू खिलाकर गले लगाया और कहा कि अब उन्हें उनका साथ चाहिए। भाजपा को आप सब की जरूरत है।

Share this article
click me!