
गंगापुर सिटी। राजस्थान में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सवाई माधोपुर जिले से परिवर्तन यात्रा शुरू कर दी है। चारों दिशाओं में रथ के जरिए इस यात्रा को रवाना किया गया है। इन भाजपा के तमाम बड़े नेता और कार्यकर्ताओं को कहा गया है कि वह परिवर्तन यात्रा के साथ रहें। यह यात्रा पूरे राजस्थान में 20 दिन यानी 20 सितंबर तक निकाली जानी है लेकिन यात्रा को लेकर आज पहले दिन ही हंगामा हो गया।
परिवर्तन यात्रा के दौरान हंगामा
पूरे उत्साह के साथ निकाली गई यात्रा को गहलोत सरकार की पुलिस ने बीच में ही रोक दिया। इसके बाद तो हंगामा खड़ा हो गया। भाजपा के कई बड़े नेता और उनके समर्थक धरने पर बैठ गए। पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी गई। इसके बाद भी यात्रा को पुलिस ने शहर में प्रवेश नहीं करने दिया।
पढ़ें. भाजपा की परिवर्तन यात्रा से पहले वसुंधरा की धार्मिक यात्रा, वजह क्या?
शहर में एंट्री करने से पुलिस ने रोका
सवाई माधोपुर से शुरू होकर परिवर्तन यात्रा आज सवेरे गंगापुर सिटी की ओर रवाना हो गई। गंगापुर सिटी में एंट्री करने के बाद जब परिवर्तन यात्रा ने शहर का रुख किया तो इसे शहर में एंट्री नहीं दी गई। गंगापुर सिटी की पुलिस ने यात्रा को अलीगंज चौराहे के नजदीक रोक दिया और आगे नहीं जाने दिया।
रास्ते में लगा दी बैरीकेडिंग
पुलिस का कहना था की यात्रा की परमिशन शहर के बाहरी इलाकों से होकर दी गई है। ऐसे में यात्रा को शहर के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा लेकिन भाजपा नेता और कार्यकर्ता नहीं माने। जब पुलिस के सामने उन्होंने विरोध किया तो पुलिस ने उन्हें पीछे खदेड़ कर बेरीकेडिंग कर दी।
पढ़ें. परिवर्तन यात्रा कर राजस्थान की जनता तो साधेगी भाजपा, बेणेश्वर धाम में अमित शाह करेंगे आगाज
धरने पर बैठ गए कई नेता
इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता अरुण चतुर्वेदी, जितेंद्र गोठवाल , सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, मनोज राजोरिया समेत भाजपा के कई दिग्गज नेता धरने पर बैठ गए। उनके साथ ही उनके समर्थक भी प्रदर्शन करने लगे। घटनाक्रम आज सवेरे शुरू हुआ और दोपहर तक जारी रहा। कई प्रयास करने के बावजूद भी पुलिस ने यात्रा को शहर के अंदर से जाने की अनुमति नहीं दी।
क्या है परिवर्तन यात्रा
परिवर्तन यात्रा में चार पिकअप गाड़ियों को रथ के रूप में मॉडिफाई किया गया है। यह रथ प्रदेश के चारों दिशाओं में भेजे गए हैं।इस दौरान उनके साथ चलने वाले नेता और कार्यकर्ता आम जनता के बीच जाएंगे और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बनाएंगे। ज्यादा से ज्यादा लोगों को भाजपा से जोड़ने की कोशिश की जाएगी ताकि राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव में इसका लाभ मिल सके।
राजस्थान की राजनीति, बजट निर्णयों, पर्यटन, शिक्षा-रोजगार और मौसम से जुड़ी सबसे जरूरी खबरें पढ़ें। जयपुर से लेकर जोधपुर और उदयपुर तक की ज़मीनी रिपोर्ट्स और ताज़ा अपडेट्स पाने के लिए Rajasthan News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — तेज़ और विश्वसनीय राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।