
आगरा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक बेकरी में आज दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब बॉयलर फटने से भयंकर विस्फोट हुआ। इस हादसे में 13 से अधिक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, और झुलसे हुए कर्मचारी सड़क पर तड़पते नजर आए। कर्मचारी सड़क पर आकर लोगों से मदद मांगते हुए नजर आए। कर्मचारी पुलिस वालों के आगे रो-रोकर मदद की गुहार लगा रहे थे लेकिन इसके बाद भी पुलिसवाले वहां खड़े होकर वीडियो बनाते रहे। स्थानीय लोगों ने घायलों को उठा कर पुलिस की गाड़ियों में बिठाया तब उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा सका। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। हादसे के कारणों की जांच के लिए अधिकारियों द्वारा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस भयंकर हादसे में 13 से अधिक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसे में कुछ कर्मचारियों के कपड़े और शरीर का चमड़ा तक जल गया, जिससे उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद एक मीडिया चैनल से बात करते हुए फैक्ट्री में काम करने वाले अर्जुन ने बताया कि हादसे के समय सभी कर्मचारी बेकरी में काम के दौरान बैठे हुए थे। अर्जुन ने यह भी बताया कि उसने पहले ही अपनी मैडम को बॉयलर की खराब स्थिति और संभावित खतरे के बारे में कई बार चेतावनी दी थी, लेकिन उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और घायलों के उचित इलाज का आश्वासन दिया है। साथ ही, उन्होंने फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की गहन जांच कराने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं मुंबई के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक, सैफ अली खान के घर आए नजर
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।