Agra News: ग्रेटर आगरा बनेगा नया स्मार्ट सिटी हब, रोजगार और निवेश के खुलेंगे अवसर

Published : Apr 09, 2026, 11:08 AM IST
greater agra smart city

सार

ग्रेटर आगरा प्रोजेक्ट के तहत 5142 करोड़ की लागत से 450 हेक्टेयर में स्मार्ट टाउनशिप विकसित होंगी। 10 पवित्र नदियों के नाम पर बसने वाले इस शहर में आधुनिक सुविधाएं, बेहतर कनेक्टिविटी, रोजगार और निवेश के बड़े अवसर मिलेंगे।

लखनऊ/आगरा। पर्यटन नगरी आगरा अब सिर्फ अपने ऐतिहासिक स्मारकों के लिए ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पुनरुद्धार और आधुनिक शहरी विकास के संगम के रूप में नई पहचान बनाने जा रही है। ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर विकसित हो रहे ‘ग्रेटर आगरा’ प्रोजेक्ट में सांस्कृतिक विरासत को केंद्र में रखते हुए नई टाउनशिप बसाई जाएंगी, जिनका नाम सिंधु से लेकर कावेरी तक 10 पवित्र नदियों पर रखा जाएगा। यह परियोजना नोएडा और गुरुग्राम जैसे शहरों पर बढ़ते दबाव को कम करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

5142 करोड़ की लागत से 450 हेक्टेयर में विकसित होगा नया शहर

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम रायपुर और रहनकलां में लगभग 450 हेक्टेयर क्षेत्र में यह परियोजना विकसित की जा रही है। करीब 5142 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट आगरा को एक आधुनिक, योजनाबद्ध और बहुआयामी शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।

10 पवित्र नदियों के नाम पर बसेंगी टाउनशिप

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसका सांस्कृतिक दृष्टिकोण है। यहां विकसित होने वाली 10 टाउनशिप के नाम होंगे: सिंधुपुरम, गोमतीपुरम, गंगापुरम, यमुनापुरम, बेतवापुरम, महानदीपुरम, नर्मदापुरम, गोदावरीपुरम, कृष्णापुरम और कावेरीपुरम। यह पहल भारतीय संस्कृति को सम्मान देने के साथ शहर को एक अलग पहचान देगी।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्मार्ट टाउनशिप

इन टाउनशिप में लगभग 1.5 लाख लोगों के लिए आधुनिक आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कुल 4712 प्लॉट्स में आवासीय, ग्रुप हाउसिंग, कमर्शियल और मिश्रित उपयोग के क्षेत्र शामिल होंगे। यहां स्कूल, अस्पताल, होटल, बैंक, डाकघर, पुलिस चौकी, फायर स्टेशन और कम्युनिटी सेंटर जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर: सस्टेनेबल और टेक्नोलॉजी आधारित विकास

परियोजना के तहत आधुनिक सड़क नेटवर्क, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम विकसित किए जाएंगे। इससे यह क्षेत्र एक स्मार्ट और सस्टेनेबल शहरी मॉडल के रूप में उभरेगा।

बेहतरीन कनेक्टिविटी: हाईवे और एक्सप्रेसवे से जुड़ा क्षेत्र

ग्रेटर आगरा की लोकेशन इसे और खास बनाती है। यह 100 मीटर चौड़ी इनर रिंग रोड के पास स्थित है और नेशनल हाईवे-19, फतेहाबाद रोड तथा यमुना एक्सप्रेसवे से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। यमुना नदी और कुबेरपुर रेलवे स्टेशन की नजदीकी इसे व्यापार और आवागमन के लिए बेहतर बनाती है।

ग्रीन सिटी कॉन्सेप्ट: पर्यावरण संतुलन पर जोर

हर टाउनशिप में कम से कम 15 प्रतिशत क्षेत्र ग्रीन स्पेस के लिए आरक्षित रखा गया है। पार्क, ओपन स्पेस और खेल सुविधाओं के माध्यम से पर्यावरण संतुलन और बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी।

कमर्शियल हब और पर्यटन का नया केंद्र

इस योजना के तहत यमुनापुरम को कमर्शियल हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। वहीं कावेरीपुरम को वाटर-बेस्ड एक्टिविटी और मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।

रोजगार और निवेश के बड़े अवसर

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह परियोजना केवल आवासीय नहीं, बल्कि रोजगार और निवेश का बड़ा केंद्र बनेगी। निर्माण, उद्योग और सेवा क्षेत्र में लाखों रोजगार के अवसर पैदा होंगे। बेहतर कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण बड़ी कंपनियां निवेश के लिए आकर्षित होंगी।

देश के लिए आदर्श शहरी विकास मॉडल

ग्रेटर आगरा परियोजना केवल इंफ्रास्ट्रक्चर विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सांस्कृतिक पुनरुद्धार और आधुनिक विकास का अनूठा मॉडल है। यह भविष्य में आगरा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी और देश के लिए एक आदर्श शहरी विकास मॉडल बन सकती है।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

UP News: योगी सरकार में रिकॉर्ड दूध उत्पादन, महिलाओं ने बनाई नई पहचान
UP News: CM योगी ने कृषि विज्ञान कांग्रेस में 45 वैज्ञानिकों को किया सम्मानित, एग्री स्टार्टअप और संस्थानों को भी मिला अवॉर्ड