
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इस वर्ष आंबेडकर जयंती को बड़े और अभूतपूर्व स्तर पर मनाने की तैयारी की गई है। योगी सरकार ने इसे सिर्फ एक स्मृति दिवस तक सीमित न रखकर सामाजिक न्याय, जनजागरूकता और जनसंपर्क के बड़े अभियान के रूप में बदल दिया है। प्रदेश के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जहां जनप्रतिनिधि सीधे लोगों से जुड़ेंगे और उन्हें उनके अधिकारों, संविधान और समानता के मूल्यों के बारे में जानकारी देंगे।
राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित आंबेडकर महासभा परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जो इस पूरे आयोजन का प्रमुख केंद्र होगा। महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल के नेतृत्व में यह कार्यक्रम होगा। इसकी शुरुआत बौद्ध भिक्षुओं द्वारा बाबा साहब के अस्थिकलश पर पुष्पांजलि और बुद्ध वंदना से होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
योगी सरकार का उद्देश्य बाबा साहब के विचारों- समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। इसी दिशा में प्रदेश के सभी जिलों में सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि लोगों के बीच जाकर उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करेंगे। इससे समाज में जागरूकता बढ़ेगी और लोकतंत्र की नींव और मजबूत होगी।
सरकार ने आंबेडकर जयंती से पहले एक अहम फैसला भी लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश भर में बाबा साहब की प्रतिमाओं पर छत्र लगाए जाएंगे। साथ ही उनकी सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। इस फैसले को ऐतिहासिक बताया जा रहा है, जिससे आंबेडकर अनुयायियों और दलित समाज में उत्साह देखने को मिल रहा है।
14 अप्रैल को पूरे उत्तर प्रदेश में आंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें विचार गोष्ठियां, भाषण, निबंध प्रतियोगिताएं और वाद-विवाद शामिल होंगे, जिनसे नई पीढ़ी को बाबा साहब के विचारों और उनके संघर्षों से परिचित कराया जाएगा।
समाज कल्याण विभाग के कार्यालयों, छात्रावासों और शिक्षण संस्थानों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें बाबा साहब की प्रतिमा और चित्र पर माल्यार्पण के साथ-साथ उनके जीवन, शिक्षाओं और संविधान निर्माण में योगदान पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा निबंध, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट ने डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत प्रदेश की हर विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक न्याय के महानायकों के 10-10 स्मारकों और प्रतिमाओं का विकास और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस योजना पर करीब 403 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अंतर्गत बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास, कबीर, महात्मा ज्योतिबा फुले और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के स्मारकों का संरक्षण और विकास किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।