बहराइच में 11 दिन तक लाश के साथ रहा पति, जब खोदी गई जमीन तो खुला खौफनाक राज

Published : Oct 21, 2025, 12:14 PM IST
bahraich husband killed wife buried under bed case

सार

बहराइच में शराबी पति ने पत्नी की हत्या कर चारपाई के नीचे शव दफना दिया। 11 दिन तक उसी घर में रहता रहा आरोपी। मायके वालों के शक पर पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद किया। चरित्र पर शक को लेकर हत्या की आशंका, आरोपी फरार।

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर शव को घर की चारपाई के नीचे दफना दिया और फिर उसी घर में 11 दिन तक आराम से रहा। जब पत्नी के मायके वालों को शक हुआ, तब जाकर इस भयावह हत्या का राज खुला।

चारपाई के नीचे दफन मिली पत्नी की लाश, गांव में मचा हड़कंप

मामला बहराइच के जरवलरोड थाना क्षेत्र के अहाता नरपतपुरवा गांव का है। गांव निवासी रामधीरज की बहन फूला देवी (45) की शादी करीब 25 वर्ष पहले हरिकिशन नाम के व्यक्ति से हुई थी। अमर उजाला द्वारा प्रकाशित की गई खबर के अनुसार, शुरू में सब ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे हरिकिशन शराबी हो गया और नशे में पत्नी से मारपीट करने लगा। छह बच्चों की मां फूला देवी 6 अक्तूबर को अचानक लापता हो गई। जब दो दिन बाद भी कोई पता नहीं चला तो भाई रामधीरज ने हरिकिशन से पूछा, लेकिन उसने टालमटोल करते हुए कहा कि फूला कहीं चली गई है।

यह भी पढ़ें: 'दीपोत्सव अयोध्या की समृद्धि, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है'- CM योगी आदित्यनाथ

10 दिन की तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग, गहराया शक

फूला देवी की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को जब फूला का मायका पक्ष हरिकिशन के घर पहुंचा, तो उसने फिर वही पुराना जवाब दोहरा दिया। इस बीच, रामधीरज की भाभी विमला घर के एक कमरे में गई तो चारपाई के नीचे मिट्टी का ताजा लेपन और दरारें देखकर सन्न रह गई।

पुलिस पहुंची तो भाग गया आरोपी, घर की खुदाई में मिला शव

संदेह गहराने पर परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही हरिकिशन मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने टीम के साथ घर की खुदाई करवाई, जिसमें पहले टूटी हुई चूड़ियां, फिर पायल और आखिर में कई फीट नीचे दफन फूला देवी का शव मिला।

बेरहमी से हत्या, शरीर पर गहरे जख्मों के निशान

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या बड़ी बेरहमी से की गई थी। उसके शरीर पर जगह-जगह चोटों के निशान मिले और शव बिना कपड़ों के था। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए जमीन में दफना दिया था।

चरित्र पर शक बना हत्या की वजह, हत्या के बाद भी घर में ही रह रहा था आरोपी

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि हरिकिशन को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था। पुलिस का मानना है कि इसी शक के चलते उसने फूला की हत्या की और सबूत मिटाने के लिए लाश को चारपाई के नीचे दफना दिया।

हैरानी की बात यह है कि पत्नी की हत्या कर दफनाने के बाद भी हरिकिशन उसी घर में रहता रहा। वह शराब पीता, मजदूरी करता और आसपास के लोगों से ऐसे पेश आता जैसे कुछ हुआ ही न हो। यह देखकर परिजनों का शक और गहरा गया, जो अंततः सही साबित हुआ।

पुलिस ने दर्ज किया केस, फरार आरोपी की तलाश जारी

थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घर को सील कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी हरिकिशन के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की दो टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं।

यह भी पढ़ें: भांजे के इश्क़ में मामी ने की सारी हदें पार! थाने में उठाया खतरनाक कदम, मचा हड़कंप

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

UP: बुंदेलखंड के 6 जिलों में मिलेट्स प्रोसेसिंग प्लांट तैयार,अगले साल से किसानों को मिलेगा फायदा
योगी सरकार की कड़ी कार्रवाई: उत्तर प्रदेश में अवैध शराब माफिया पर बड़ा प्रहार, लाखों लीटर शराब जब्त