PM Modi: योगी देश के पहले CM, जिन्होंने प्रधानमंत्री को 900 शब्दों में दी जन्मदिन की बधाई

Published : Sep 17, 2025, 01:15 PM IST
Yogi Adityanath wishes PM Modi on his birthday

सार

PM Modi Birthday Wishes :पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने अनोखे अंदाज में शुभकामनाएं दी हैं। एक वीडियो लेख के जरिए प्रधानमंत्री के 75 वर्षों का जीवन संघर्ष, संकल्प और सिद्धि की बारे में बताया है। मोदी को एक साधक एक कर्मयोगी बताया 

PM Narendra Modi Birthday 2025 : 16 सितंबर आज बुधवार को पीएम मोदी अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। प्रधानमंत्री को देश-दुनिया से ढेरों बधाइयां मिल रही हैं। नेता हो या अभिनता सभी बर्थडे विश कर रहे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खास अंदाज में जन्मदिन की बधाइयां दी हैं। उन्होंने 900 से ज्यादा शब्दों में एक लेख के जरिए शुभकामनाएं दी हैं। योगी ने इसका एक वीडियो भी शेयर किया हुआ है। बता दें कि वह पहले ऐसे सीएम हैं, जिन्होंने इतना बड़ा अर्टिकल लिखकर बधाई दी है।

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी जन्मदिन स्पेशल : 2014 से 2025 तक पीएम मोदी की वो योजनाएँ जिन्होंने यूपी की तस्वीर बदल दी!

नरेन्द्र मोदी : एक साधक, एक कर्मयोगी

इतिहास साक्षी है कि यह देश जब-जब चुनौतियों से घिरा, तब-तब इस धरती ने ऐसे महामानव दिए, जिन्होंने समय की धारा मोड़ दी। बीसवीं सदी के अंत और इक्कीसवीं सदी के आरंभ में जब भारत संक्रमण और असंतुलन से जूझ रहा था। ठीक इसी दौर में वडनगर से एक साधारण परिवार का संतति उभरी, जिसने संघर्ष को शक्ति और अवसर में बदला। राजनीति में भारतीय मूल्यों व जनभावनाओं को प्रतिष्ठा दी और भारत को वैश्विक मंच पर नई गरिमा व आत्मविश्वास दिलाया। आज पूरा देश उस यशस्वी नेतृत्व के जीवन की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। वास्तव में, आज उनके पचहत्तर वर्ष का यह जीवन केवल व्यक्ति मात्र की यात्रा नहीं, बल्कि भारत की सामूहिक चेतना का जागरण है।

मोदी जी का जीवन संघर्षों से संकल्प और संकल्प से सिद्धि की अनुपम गाथा है। उनकी जीवन यात्रा केवल राजनीतिक सफलता की कहानी नहीं, बल्कि एक प्रेरक गाथा है, जिसमें प्रत्येक अनुभव राष्ट्रसेवा की सीख बनकर आगे आया।

वर्ष 2014 में भारत ने उन्हें प्रधानमंत्री चुना। यह चुनाव केवल सरकार का परिवर्तन नहीं था, बल्कि लोक चेतना के उदय का प्रतीक था। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जी ने शासन को नई परिभाषा दी। प्रधानमंत्री मोदी जी ने दीनदयाल उपाध्याय जी के 'एकात्म मानववाद' के दर्शन को अपनी नीति निर्माण में आधार बनाया है। उनका मानना है कि विकास केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और मानविक दृष्टि से भी होना चाहिए। इसी दृष्टि से योजनाएं गरीब और वंचित तक पहुंचती हैं, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाती हैं, और अंतिम नागरिक तक लाभ सुनिश्चित करती हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल क्रांति, और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहले इसी दर्शन का जीवंत प्रमाण हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदृष्टि ने भारतीय अर्थव्यवस्था में ऐतिहासिक परिवर्तन की राह प्रशस्त की है। करों के जंजाल से मुक्ति दिलाकर जीएसटी लागू करना, न केवल 'वन नेशन, वन टैक्स' की संकल्पना को साकार करता है, बल्कि पूरे देश में आर्थिक एकता, पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा की नई संस्कृति लेकर आया। इसके माध्यम से भारत का राष्ट्रीय बाजार एकीकृत हुआ, स्थानीय उत्पादों और उद्योगों को वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिला।

मोदी जी का योगदान केवल विकास योजनाओं तक सीमित नहीं है। 'विकास भी-विरासत भी' के मंत्र के साथ मोदी जी के नेतृत्व में पूरा भारत में एक नवीन सांस्कृतिक पुनर्जागरण का साक्षी और सहभागी बन रहा है। भारत स्व से साक्षात्कार कर रहा है। कुत्सित राजनीति के कारण अपने ही देश में उपेक्षा और तुष्टीकरण का दंश झेलने को विवश सनातन आस्था गौरवान्वित हो रही है। कौन भूल सकता है 22 जनवरी 2024 का वह ऐतिहासिक अवसर जब पांच शताब्दियों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के भव्य मंदिर के निर्माण का संकल्प पूर्ण हुआ। इस चिर प्रतीक्षा के पूरा होने का श्रेय आदरणीय मोदी जी को ही है। *इसी प्रकार काशी विश्वनाथ धाम का पुनरुद्धार, महाकाल लोक, केदारधाम पुनरुद्धार, काशी-तमिल संगम जैसे आयोजनों के माध्यम से उत्तर और दक्षिण की सांस्कृतिक धाराओं को जोड़ना और सुनियोजित उपेक्षा और तिरस्कार से आहत पूर्वोत्तर को विकास की मुख्यधारा में लाना, ये सभी प्रयास भारत की एकात्म चेतना के पुनर्जागरण के प्रतीक बने हैं।

2014 में मोदी जी के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने के साथ ही भारत की विदेश नीति में क्रांतिकारी परिवर्तन को दुनिया ने देखा और सराहा है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और हाल में ऑपरेशन सिंदूर जैसी निर्णायक कार्रवाइयों ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति अडिग है।

मोदी जी के नेतृत्व में देश के भीतर आर्थिक नीतियों ने भी एक नई कथा लिखी जा रही है। आधार, जनधन और मोबाइल की ट्रिनिटी ने डिजिटल क्रांति को जन्म दिया।

आज भारत में UPI लेन-देन की नई परिभाषा गढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान ने युवाओं को नयी उड़ान दी। विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत ने अंतरिक्ष में चंद्रयान और गगनयान जैसे अभियानों के माध्यम से नित नए इतिहास रचे हैं। डिजिटल इंडिया के अंतर्गत भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल डेटा उपभोक्ता देश बन चुका है।

डीप टेक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, 5जी, क्वांटम कंप्यूटिंग और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भारत वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर है। मोदी जी का नेतृत्व इस अर्थ में अद्वितीय है कि उन्होंने शासन को जन-आंदोलन में बदला। स्वच्छ भारत अभियान में बच्चे-बच्चे ने झाड़ू उठाया, जनधन योजना में गरीब ने बैंक खाता खोला, डिजिटल लेन-देन में सामान्य दुकानदार भी सहभागी बना।

40 वर्षों तक उत्तर प्रदेश में मासूम बच्चों के असमय काल-कवलित होने का कारक रहे इंसेफेलाइटिस का उन्मूलन संभव हुआ है तो इसके मूल में प्रधानमंत्री जी के स्वच्छ भारत मिशन की प्रेरणा ही है। महिला सशक्तिकरण पर मोदी जी ने विशेष बल दिया है। संसद और विधानसभा में आरक्षण का प्रावधान इस दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

यह कितना सुंदर संयोग है कि सृष्टि शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती और एक भारत-श्रेष्ठ भारत के शिल्पी यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिन एक ही दिवस पर होता है। दोनों ही सृजन के प्रणेता हैं, दोनों ही नवनिर्माण के संवाहक हैं। आज जब मोदी जी जीवन के अमृत काल में प्रवेश कर रहे हैं, तो यह अवसर केवल उनके जीवन का पर्व नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास का उत्सव है। प्रधानमंत्री जी के अमृत काल के इस नवीन पर्व के शुभारंभ पर उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से उन्हें दीर्घायु होने और यशस्वी जीवन की अनंत शुभकामनाएं प्रेषित हैं। उनका नेतृत्व और मार्गदर्शन हमें इसी प्रकार प्राप्त होता रहे, यही कामना है।"

PM Modi 75th Birthday: 11 सालों में बीजेपी का राज्यों पर वर्चस्व कैसे हुआ इतना मज़बूत?

 

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

लखनऊ वालों के लिए खुशखबरी! इस दिन शुरू होगी सहारनपुर वंदे भारत, होगा सुपरफास्ट सफर
पत्नी का अश्लील वीडियो वायरल, पति ने MMS बनाकर सोशल मीडिया पर उड़ाई इज्जत