
Kanpur Hair Transplant Death: UP के कानपुर की डॉ. अनुष्का तिवारी, जो खुद को हेयर ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ बताती थीं, अब दो युवाओं की मौत की आरोपी बन गई हैं। उनका दावा था कि वे ₹40-50 हजार में बाल उगाने की गारंटी देती हैं, जबकि यही सर्जरी आमतौर पर लाखों में होती है। लेकिन अब यह दावा मौत का सौदा बनकर उभरा है।
ऑनलाइन सर्च से क्लिनिक तक पहुंचा था इंजीनियर
26 वर्षीय मयंक कटियार, जो कानपुर के पनकी थर्मल प्लांट में इंजीनियर थे, बाल झड़ने की समस्या से परेशान थे। उन्होंने गूगल पर सर्च कर केशवपुरम स्थित "Empire Clinic" से संपर्क किया, जहां डॉ. अनुष्का तिवारी ने ₹40,000 की सर्जरी ऑफर की।
सर्जरी करीब 5 घंटे तक चली। डॉक्टर ने कहा कि मयंक स्वस्थ हैं और उन्हें घर भेज दिया गया। लेकिन घर पहुंचने के कुछ घंटों बाद ही तेज दर्द, सूजन और बेचैनी शुरू हो गई। डॉक्टर ने सिर्फ व्हाट्सएप पर दवाइयां बताईं और वीडियो कॉल पर स्थिति को सामान्य बताया। जब दर्द असहनीय हुआ, तो डॉक्टर ने बाहर अस्पताल ले जाने को कहा। वहां पहुंचते ही मयंक की मौत हो गई।
जब परिजनों ने मौत की जानकारी देने के लिए डॉक्टर अनुष्का को कॉल किया, तो उन्होंने कॉल काट दिया और सारे नंबर ब्लॉक कर दिए।
पनकी पावर हाउस में इंजीनियर थे विनीत
दूसरे मृतक, इंजीनियर विनीत दुबे, की पत्नी जया त्रिपाठी ने बताया कि डॉक्टर अनुष्का ने पहले ₹1,000 एडवांस ऑनलाइन मांगा, और फिर सर्जरी के लिए ₹50,000 कैश में लिए गए। अनजान नंबर से आया कॉल - "आपके पति अस्पताल में हैं" जया को एक अनजान नंबर से कॉल आया कि विनीत की तबीयत खराब है और उन्हें अनुराग अस्पताल लाया गया है। जब परिवार के सदस्य वहां पहुंचे, तो हालत गंभीर थी। कुछ ही देर में उन्हें रीजेंसी हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां मौत हो गई।
2 महीने बाद दर्ज हुई FIR, अब भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई। विनीत की पत्नी ने बताया कि पुलिस ने उनकी FIR दर्ज करने में दो महीने लगा दिए। अब मयंक की मौत के बाद दूसरी FIR भी दर्ज हो चुकी है। बावजूद इसके, डॉ. अनुष्का अब तक गिरफ्तार नहीं हुई हैं। जया ने आरोप लगाया कि FIR दर्ज करने में पुलिस ने दो महीने लगाए, और अब तक डॉक्टर की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जबकि वह खुलेआम शहर में घूम रही है।
ACP अभिषेक पांडे का कहना है कि डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा। वहीं DCP दिनेश त्रिपाठी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि डॉक्टर को जल्द गिरफ्तार किया जाए और कोर्ट में अग्रिम ज़मानत का विरोध किया जाए।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अब "Empire Clinic" की मेडिकल वैधता की जांच कर रही है। डॉ. अनुष्का के पास हेयर ट्रांसप्लांट का कोई मान्य सर्टिफिकेशन या लाइसेंस नहीं है। जांच पूरी होने के बाद मेडिकल काउंसिल से भी लाइसेंस रद्द और कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।