CM Yogi Adityanath Advice: राजस्थान के जालोर में धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माताओं से अपील की कि छोटे बच्चों को शांत कराने के लिए स्मार्टफोन न दें। उन्होंने कहा कि मोबाइल का अधिक उपयोग आंखों और दिमाग पर असर डालता है तथा युवाओं में डिप्रेशन और नकारात्मकता बढ़ा सकता है।

Yogi Advice For Parents: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मातृशक्ति से अपील करते हुए कहा कि छोटे बच्चों को रोने या नाराज होने दें, लेकिन उन्हें शांत कराने के लिए स्मार्टफोन बिल्कुल न दें। उनका कहना है कि स्मार्टफोन का अत्यधिक उपयोग समय की बर्बादी के साथ-साथ आंखों और दिमाग पर भी बुरा असर डालता है। इससे बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता कमजोर होती है और धीरे-धीरे यह लत की तरह खतरनाक बन सकता है। सीएम योगी सोमवार को राजस्थान के जालौर जिले में स्थित श्री रत्नेश्वर महादेव मंदिर (सिरे मंदिर) में आयोजित 375वें स्थापना वर्ष के दो दिवसीय महायज्ञ और विशाल धर्मसभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने समाज, युवाओं और परिवार के महत्व पर विस्तार से बात की।

स्मार्टफोन के अधिक इस्तेमाल से हो रहा नुकसान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज के समय में स्मार्टफोन का जरूरत से ज्यादा उपयोग लोगों के जीवन को प्रभावित कर रहा है। इससे आंखों पर असर पड़ता है और मानसिक तनाव भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि लगातार मोबाइल देखने से कई लोग डिप्रेशन का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मोबाइल गेम और सोशल मीडिया बच्चों और युवाओं को नकारात्मक दिशा में ले जा सकते हैं। यदि वही समय अच्छी किताबें पढ़ने, योग करने और व्यायाम में लगाया जाए तो जीवन अधिक संतुलित और सफल बन सकता है।

युवा पीढ़ी को दी सलाह: परिवार के साथ समय बिताएं

धर्मसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने युवाओं से कहा कि स्मार्टफोन का इस्तेमाल उतना ही करें जितना जरूरी हो। परिवार के साथ समय बिताना और आपस में बातचीत करना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि भोजन करते समय या पूजा के समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना चाहिए। यदि किसी का फोन आता है तो बाद में उसे वापस कॉल किया जा सकता है। इससे पारिवारिक रिश्ते मजबूत होते हैं और जीवन में संतुलन बना रहता है। सीएम ने यह भी कहा कि आज छोटी-छोटी बातों को लेकर युवाओं में आत्महत्या की प्रवृत्ति बढ़ रही है। जीवन में यदि असफलता मिले तो उससे घबराने के बजाय उसके कारण को समझकर आगे बढ़ना चाहिए। मेहनत और सकारात्मक सोच से ही सफलता मिलती है।

नशे के कारोबारियों को समाज में घुसने न दें

सीएम योगी ने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि देश के दुश्मन और नशे के सौदागर युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में लेना चाहते हैं। हमें ऐसा होने से रोकना होगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी देश का भविष्य देखना हो तो उसकी युवा पीढ़ी को देखना चाहिए। अगर युवा सही दिशा में आगे बढ़ते हैं तो देश भी प्रगति करता है। इसलिए परिवार और समाज को मिलकर नशे के कारोबारियों को गांव, कस्बे और शहर में घुसने से रोकना होगा।

लोभ छोड़कर जरूरतमंदों की मदद करने की सीख

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में 200 से अधिक देश हैं, लेकिन भारत की पहचान अलग है। यहां की संस्कृति, त्योहार, परंपराएं और संत-महात्माओं की शिक्षाएं इसे विशेष बनाती हैं। उन्होंने सिरे मंदिर के पास बंदरों के एक प्रसंग का जिक्र करते हुए बताया कि जब उन्हें रोटी दी गई तो एक बंदर ने पहले एक रोटी खत्म की, उसके बाद ही दूसरी रोटी ली। इससे हमें यह सीख मिलती है कि जरूरत से ज्यादा संचय नहीं करना चाहिए। मनुष्य को लोभ छोड़कर जरूरतमंदों की मदद करने का भाव रखना चाहिए।

भारत विरोध को भी साथ लेकर चलने की क्षमता रखता है

सीएम योगी ने भारतीय संस्कृति की विशेषता बताते हुए कहा कि यहां विविधता के बावजूद एकता है। उन्होंने भगवान शिव के परिवार का उदाहरण देते हुए कहा कि माता पार्वती की सवारी शेर है, भगवान शिव की सवारी बैल है, गणेश की सवारी चूहा और कार्तिकेय की सवारी मोर है। इसके बावजूद पूरा परिवार एक साथ रहता है। यह भारत की संस्कृति का प्रतीक है, जहां विरोधी स्वभाव वाले तत्व भी एक साथ मिलकर जीवन को आगे बढ़ाते हैं।

धर्म समाज को जोड़ता है, जातिवाद कमजोर करता है

सीएम योगी ने कहा कि भारत में ऋषि-मुनियों और संतों की परंपरा बहुत प्राचीन है। विभिन्न पीठ और आश्रम समाज के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और लोककल्याण के अनेक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म समाज को जोड़ने का माध्यम है, जबकि जातिवाद समाज को कमजोर करता है। इसलिए लोगों को आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर समाज और देश के लिए काम करना चाहिए।

वीरों और वीरांगनाओं के बलिदान से बना भारत

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि यह देश वीरों और वीरांगनाओं के बलिदान से बना है। उन्होंने चित्तौड़गढ़ की रानी रानी पद्मिनी के जौहर और राजस्थान के कई वीरों के बलिदान को याद किया। उन्होंने सिरे मंदिर की ऐतिहासिक कारीगरी और शिलालेखों का जिक्र करते हुए इसके संरक्षण के महत्व पर भी जोर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। पहले की सरकारें समाज को बांटने की राजनीति करती थीं, लेकिन अब देश को एकजुट करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों और वंचितों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है और देश में सड़कों, रेलवे, मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास हुआ है।

आस्था के बिना समाज आगे नहीं बढ़ सकता

सीएम योगी ने कहा कि भारत में आस्था और आध्यात्मिकता का विशेष महत्व है। आस्था केवल धार्मिक भावना नहीं बल्कि राष्ट्र चेतना का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब देश की जनता एकजुट होकर प्रयास करती है तो बड़े-से-बड़े कार्य संभव हो जाते हैं। इसी भावना से राम मंदिर अयोध्या का निर्माण संभव हुआ।