
लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बीते एक दशक में देश जिन मूल मंत्रों के साथ आगे बढ़ा है, उनमें अपने महापुरुषों और सांस्कृतिक विरासत पर गर्व, सम्मान और संरक्षण की भावना प्रमुख है। यह सोच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को दी है।
इसी भावना से प्रेरित होकर लखनऊ में बने राष्ट्र प्रेरणा स्थल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। ये तीनों महापुरुष आज़ाद भारत को सम्मान, स्वाभिमान और नई पहचान देने वाले प्रेरणास्रोत हैं।
रक्षा मंत्री ने प्रख्यात मूर्तिकार रामसुतार को श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रतिमाओं के निर्माण में सहयोग देने वाले मांटू राम के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने लखनऊ में इस भव्य राष्ट्र प्रेरणा स्थल की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी और इसे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने महामना पं. मदन मोहन मालवीय का भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने भारत की एकता और अखंडता के लिए जीवनभर संघर्ष किया। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के लिए उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके संकल्प को साकार किया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद और अंत्योदय का विचार दिया। उनकी सोच के अनुसार व्यक्ति के तन, मन, बुद्धि और आत्मा-सभी का संतुलित विकास जरूरी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार गरीब कल्याण के लिए जो कार्य कर रही है, उसकी प्रेरणा पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से मिलती है। मान, सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का अवसर देना ही सच्चा विकास है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ के लोग पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बेहद करीब थे और उनके सरल, विनोदी स्वभाव से परिचित थे। उन्होंने अटल जी के पाकिस्तान दौरे से जुड़ा एक प्रसंग साझा करते हुए उनकी हाजिरजवाबी और व्यक्तित्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति, समाज और संस्कृति के विकास में अटल जी का योगदान अतुलनीय है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव, गरीब और किसानों के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। पहले मनरेगा में व्यापक अनियमितताएं थीं, लेकिन अब नई योजनाओं के माध्यम से पारदर्शिता लाई गई है। उन्होंने बताया कि पहले श्रमिकों को 100 दिन का काम मिलता था, अब यह बढ़ाकर 125 दिन किया गया है। इससे ग्रामीण रोजगार और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की नई बुलंदियों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज़ाद भारत के इतिहास में पहली बार महंगाई दर एक प्रतिशत से नीचे गई है और देश 8 प्रतिशत से अधिक की विकास दर के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज दुनिया ध्यान से सुनती है कि भारत क्या कह रहा है।
इस अवसर पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद व पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।