
Tata Motors Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को टाटा मोटर्स के लखनऊ प्लांट में 10 लाखवीं बस को फ्लैग ऑफ किया। उन्होंने इसे सिर्फ औद्योगिक उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता टीमवर्क, कृतज्ञता और ईमानदारी पर आधारित होती है। हर कर्मचारी को अपने कार्य के प्रति प्रतिबद्ध रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन को मजबूत बनाए रखने के लिए बाहरी हस्तक्षेप से बचना जरूरी है और हर व्यक्ति को संस्था को परिवार की तरह समझना चाहिए।
सीएम योगी ने कहा कि 34 वर्षों की इस यात्रा में टाटा मोटर्स ने जो मुकाम हासिल किया है, वह नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की प्रगति का प्रतीक है। 10 लाखवीं बस का निर्माण राज्य की औद्योगिक ताकत और विकास की गति को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत युवाओं को स्किल और टेक्नोलॉजी से जोड़कर उन्हें इंडस्ट्री-रेडी बना रही है। प्रदेश की बड़ी आबादी और युवा वर्कफोर्स विकास की रफ्तार को और तेज कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा सुधार हुआ है। एक्सप्रेसवे, बेहतर सड़क नेटवर्क और बढ़ती एयर कनेक्टिविटी ने राज्य को निवेश का प्रमुख केंद्र बना दिया है।
सीएम योगी ने कहा कि टाटा ग्रुप देश में भरोसे का प्रतीक है। नमक से लेकर सॉफ्टवेयर और वाहन निर्माण तक, इस समूह ने हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई है।
लखनऊ प्लांट आज 5600 से अधिक लोगों को रोजगार दे रहा है और हजारों परिवारों की आजीविका का आधार है। यहां डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन किया जा रहा है, जो भविष्य की जरूरतों के अनुरूप है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।