
UP CM yogi Adityanath Janata Darshan: यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर दौरे के दौरान लगातार दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को संतोषजनक समाधान मिल सके।
जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर मुख्यमंत्री करीब 200 लोगों से मिले। उन्होंने हर व्यक्ति के पास जाकर उनकी समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र खुद लेकर उनका अवलोकन किया। इसके बाद संबंधित विभागों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत का निस्तारण समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी कहा कि शिकायतों पर केवल औपचारिकता न हो, बल्कि वास्तविक समाधान दिया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर समस्या का समाधान ऐसा हो, जिससे शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के प्रति लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कराया जाए, ताकि सरकार तुरंत आर्थिक सहायता प्रदान कर सके।
कुछ महिलाओं ने अपने आवास की समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर पात्र व्यक्ति को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी पात्र लोग अब तक इस योजना से वंचित हैं, उन्हें जल्द से जल्द इसका लाभ दिलाया जाए।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।