
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर लाइन लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता निर्धारित समय पर बुकिंग कराएं, सिलेंडर उनके घर तक पहुंचा दिया जाएगा। इसी तरह पेट्रोल और डीजल भी केवल जरूरत होने पर ही लें, अनावश्यक रूप से फिलिंग सेंटरों पर भीड़ न लगाएं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कुछ लोग जानबूझकर अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे अव्यवस्था पैदा हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
मुख्यमंत्री गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले एक गैस सिलेंडर एक महीने तक चलता था, लेकिन अब लोग कुछ ही दिनों में नया सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, जो अनावश्यक घबराहट को दर्शाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं और गैस की होम डिलीवरी पहले की तरह जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर लोग अफवाहों और दुष्प्रचार में आकर जल्दबाजी करते हैं, तो इससे उनकी राष्ट्रभक्ति पर सवाल उठ सकते हैं। उन्होंने लोगों से संयम रखने और देश के नेतृत्व पर विश्वास बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में सब कुछ सामान्य है और लोग उत्साह के साथ त्योहार मना रहे हैं। नवरात्रि के कार्यक्रम चल रहे हैं और रामनवमी के अवसर पर विशेष आयोजन भी होंगे।
मुख्यमंत्री ने वैश्विक स्थिति पर बात करते हुए कहा कि ईरान-अमेरिका/इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। कई देशों में अस्थिरता और चिंता का माहौल है, लेकिन भारत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुरक्षित और स्थिर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि यह युद्ध लंबा चलता है, तो इसका असर हर व्यक्ति पर पड़ सकता है। इसलिए सभी को मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए। ऐसे समय में अफवाहों से दूर रहकर सरकार के साथ मिलकर काम करना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है। उन्होंने कहा कि जब भी देश के सामने कोई चुनौती आती है, तो हर नागरिक को सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना चाहिए। इससे बेहतर परिणाम सामने आते हैं और देश मजबूत बनता है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।