UP News: मऊ से गरजे CM योगी, बोले- बेटी और व्यापारी को धमकाने वालों का इंतजार करेगा यमराज

Published : May 29, 2026, 07:21 PM IST
yogi adityanath mau visit

सार

Yogi Adityanath in Mau: क्या अब यूपी में माफिया पूरी तरह खत्म हो जाएंगे? धार्मिक आयोजनों में उपद्रव करने वालों पर होगी बड़ी कार्रवाई? क्या है बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा पर सीएम योगी का बड़ा संदेश? मऊ से सीएम योगी ने विपक्ष, माफिया और अपराधियों पर बेहद आक्रामक अंदाज में बड़ा हमला बोला।

मऊ/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ की धरती से माफिया और गुंडों के खिलाफ सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में किसी माफिया या अपराधी की हिम्मत नहीं है कि वह त्योहारों या धार्मिक आयोजनों में उपद्रव कर सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने रामलीला, यज्ञ, कथा, जन्माष्टमी, रामनवमी, शिवरात्रि या रक्षाबंधन जैसे धार्मिक कार्यक्रमों में बाधा पहुंचाने की कोशिश की तो उसकी स्थिति रावण और कंस जैसी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में कोई भी अपराधी खुलेआम पिस्टल लहराते हुए हिंदुओं को धमकाने का साहस नहीं कर सकता। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल कठोर कार्रवाई तय है।

392 करोड़ की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ के गांधी मैदान में 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने मऊ को क्रांति और साहित्य की भूमि बताते हुए साहित्यकार श्याम नारायण पांडेय, समाज सुधारक स्वामी सहजानंद सरस्वती और पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पूर्व राज्यपाल फागू चौहान का उल्लेख करते हुए भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर भी नमन किया।

अच्छी सरकार विकास देती है, गलत लोग सुरक्षा छीन लेते हैं

सीएम योगी ने कहा कि जब जनता सही नेतृत्व चुनती है तो विकास तेज़ी से आगे बढ़ता है। सड़क, पुल, अस्पताल और बाढ़ सुरक्षा जैसी सुविधाएं जाति देखकर काम नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि गलत लोगों को सत्ता मिलने पर विकास का पैसा लूट लिया जाता है और कानून व्यवस्था कमजोर हो जाती है। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाती है जबकि गलत शासन में व्यापारियों और बेटियों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है।

2017 से पहले यूपी में धार्मिक आयोजनों में होती थी बाधा

मुख्यमंत्री ने पुराने समय को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति बेहद खराब थी। उन्होंने 2005 के मऊ दंगे का उल्लेख करते हुए कहा कि भरत-मिलाप कार्यक्रम के दौरान हिंसा फैलाकर पूरे शहर को जलाने की कोशिश की गई थी। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि उस समय सत्ता संरक्षण में माफिया रामलीला और धार्मिक आयोजनों में व्यवधान पैदा करते थे। निर्दोष लोगों की हत्या होती थी और सरकार चुप रहती थी। उन्होंने कहा कि रामनवमी, जन्माष्टमी और शिवरात्रि जैसे आयोजनों में भी डर और अराजकता का माहौल रहता था।

बेटियों की सुरक्षा और व्यापारियों के सम्मान का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बेटियों का अपहरण होता था और व्यापारी शाम होते ही अपनी दुकानें बंद करने को मजबूर रहते थे। लेकिन अब प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि अब व्यापारी रात में भी निडर होकर काम कर रहे हैं और बेटियां नाइट शिफ्ट में भी सुरक्षित तरीके से नौकरी कर रही हैं।

पीएम मोदी की योजनाओं से बदला उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, युवा, महिला और किसान को प्राथमिकता दी। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 से 2017 तक सपा सरकार ने केंद्र की कई योजनाओं को प्रदेश में लागू नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि पहले गरीबों को शौचालय, राशन और आवास जैसी सुविधाएं नहीं मिलती थीं, लेकिन अब करोड़ों लोग सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं।

गरीबों को आवास, राशन और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 65 लाख गरीबों को आवास दिए गए हैं। करीब पौने तीन करोड़ परिवारों को शौचालय की सुविधा मिली है और 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत लगभग 10 करोड़ लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना का भी किया जिक्र

सीएम योगी ने कहा कि यदि किसी किसान या बटाईदार परिवार पर दुर्घटना या आपदा आती है तो मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत 24 घंटे के भीतर पांच लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है।

बिना रुके चल रहा विकास अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य लगातार जारी हैं। सड़क, पुल, पेयजल, पर्यटन, बिजली और बाढ़ सुरक्षा जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के लिए योजनाएं चला रही है ताकि प्रदेश का समग्र विकास हो सके।

एक वोट की ताकत का दिया संदेश

सीएम योगी ने कहा कि जनता का एक वोट प्रदेश और देश की दिशा बदल सकता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास जैसे कार्य जनता के समर्थन से संभव हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में माफिया का आतंक खत्म हो चुका है और अवैध कब्जा करने वालों पर बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है।

मऊ को बताया अपना आंगन, सड़क और एक्सप्रेसवे का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि मऊ उनके लिए पड़ोसी जिला ही नहीं बल्कि परिवार जैसा है। उन्होंने कहा कि सांसद रहते हुए भी वे मऊ की समस्याओं के लिए संघर्ष करते थे। उन्होंने बताया कि गोरखपुर से वाराणसी के बीच फोरलेन सड़क बनने से आवागमन आसान हुआ है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए लोग कुछ घंटों में लखनऊ पहुंच सकते हैं।

घोसी चीनी मिल विस्तार और मेडिकल कॉलेज पर बड़ा बयान

सीएम योगी ने कहा कि घोसी चीनी मिल के विस्तार के लिए प्रस्ताव मांगा गया है और प्रस्ताव मिलते ही धन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मऊ में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज भी बन रहा है और जल्द ही उसका उद्घाटन किया जाएगा।

गर्मी और आंधी-तूफान से बचाव की अपील

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से मौसम को लेकर सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेज गर्मी, लू और आंधी-तूफान के दौरान लोग सतर्क रहें, पर्याप्त पानी पिएं और खुले स्थान या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।

सीएम योगी ने गिनाईं विकास परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि लोकार्पित 38 परियोजनाओं में सड़क, पुल-पुलिया, ग्रामीण पेयजल, पुलिस भवन, पॉलीटेक्निक, आईटीआई, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा लगभग 237 करोड़ रुपये की 76 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, नगर विकास और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Hamirpur Bridge Collapse: पुल हादसे और आंधी-तूफान पर एक्शन में सीएम योगी, किया बड़ा ऐलान
Chaudhary Charan Singh Punyatithi: चौधरी चरण सिंह को नमन कर सीएम योगी ने किसानों को लेकर दिया बड़ा संदेश