UP News: श्रावस्ती से शुरू हुआ योगी सरकार का 'संध्या संवाद' कार्यक्रम, गांव-गांव पहुंचेंगी सरकारी योजनाएं

Published : May 09, 2026, 06:51 PM IST
Yogi Government sandhya samvad program launch from Shravasti

सार

योगी सरकार ने देवीपाटन मंडल में “संध्या संवाद कार्यक्रम” की शुरुआत श्रावस्ती से की। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं सुनीं, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया और विकास कार्यों की समीक्षा की।

लखनऊ। योगी सरकार के “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के विजन को और मजबूत बनाने के लिए देवीपाटन मंडल में शुक्रवार से “संध्या संवाद कार्यक्रम” की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रशासन को सीधे ग्रामीणों से जोड़ना है। कार्यक्रम की शुरुआत श्रावस्ती जिले की ग्राम पंचायत टेण्डवा महन्थ से हुई, जहां ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया और विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया गया।

श्रावस्ती में खुली चौपाल लगाकर ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

देवीपाटन मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने श्रावस्ती दौरे के दौरान “संध्या संवाद कार्यक्रम” में हिस्सा लिया। उन्होंने ग्राम पंचायत टेण्डवा महन्थ में खुली चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया, जहां अलग-अलग विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

सरकारी योजनाओं को गांव तक पहुंचाने पर योगी सरकार का फोकस

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि “संध्या संवाद कार्यक्रम” का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचें। इसी सोच के तहत प्रशासनिक अधिकारी सीधे गांवों में जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से लोगों का योगी सरकार पर विश्वास और मजबूत होगा। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।

जनसुनवाई में अधिकारियों को दिए पारदर्शी निस्तारण के निर्देश

श्रावस्ती दौरे के दौरान मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई भी की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों के साथ आम लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का तत्काल समाधान कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

बाढ़ की संभावित स्थिति को लेकर तैयारियों की समीक्षा

मंडलायुक्त ने संभावित बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, राहत सामग्री की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से मजबूत और सक्रिय रखी जाएं।

पेंशन और जीपीएफ मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश

दुर्गा शक्ति नागपाल ने कर्मचारियों और पेंशनरों की समस्याएं भी सुनीं। कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जीपीएफ, पेंशन और अन्य लंबित भुगतान से जुड़ी शिकायतें रखीं। इस पर मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योगी सरकार लगातार वरिष्ठ नागरिकों और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान पर गंभीरता से काम कर रही है।

श्रावस्ती की विकास परियोजनाओं और निर्माण कार्यों का निरीक्षण

मंडलायुक्त ने श्रावस्ती में चल रही निर्माणाधीन और नवनिर्मित परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व विभाग के कर्मचारियों के लिए बनाए गए आवासों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके अलावा पर्यटन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जांच की गई। इस दौरान उन्होंने स्ट्रीट ब्यूटीफिकेशन, बुद्ध वनम पार्क, डोरमेट्री, गेट पिलर, पार्किंग और इंटरप्रिटेशन सेंटर सहित कई परियोजनाओं का जायजा लिया।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने अतिरिक्त मैनपॉवर लगाकर सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

सावधान! उन्नाव में गैस सिलेंडर चेक करने के बहाने घर पहुंच रहा शातिर ठग, फिर... WATCH
West Bengal Politics: सुवेंदु अधिकारी को सीएम योगी की बधाई, ‘सोनार बांग्ला’ संकल्प पूरा होने का जताया विश्वास