Instagram के इस फीचर की हेल्प से बची 20 साल के लड़के की जान, फांसी लगाने जा रहा था, तभी पहुंची पुलिस

सोशल मीडिया इंस्टाग्राम के एक फीचर की मदद से एक युवक की जान बच गई। फांसी का फंदा तैयार कर वह सुसाइड करने जा रहा था। तभी पुलिस को इसका अलर्ट मैसेज मिला और पुलिस एक्टिव हो गई। लोकेशन पर पहुंचकर उसकी जान बचाई।

Satyam Bhardwaj | Published : Mar 20, 2023 11:59 AM IST

टेक डेस्क : टेक्नोलॉजी के जमाने में सबकुछ आसान हो गया है। पुलिस की भी काफी मदद हो रही है। तभी तो क्राइम रोकने की बात हो या फिर किसी की जान बचाने की पुलिस काफी एक्टिव नजर आ रही है। ग्रेटर नोएडा में एक ऐसे ही मामले में इंटाग्राम के एक फीचर (Instagram Feature) की मदद से एक युवक की जान बच गई। इंस्टाग्राम से मिले अर्जेंट अलर्ट पर पुलिस ने फौरन एक्शन लेते हुए 20 साल के लड़के की जान बचा ली।

क्या है पूरा मामला

ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के चंद्रावल गांव का एक लड़का फांसी पर लटकर सुसाइड करने जा रहा था। फंदे की तस्वीर शेयर करते हुए उसने लिखा- 'आज मैं खत्म हो जाऊंगा।' यह पोस्ट जैसे ही आया इंस्टाग्राम ने अलर्ट जारी कर दिया। इसके बाद लखनऊ में यूपी पुलिस हेडक्वार्टर में इंस्टाग्राम की तरफ से सेल्फ हार्म अलर्ट जारी हुआ। इस अलर्ट में लड़के की जरूरी डिटेल्स फोन नंबर और आईपी एड्रेस बताया गया। हेडक्वार्टर की तरफ से तत्काल नोएडा में संपर्क किया गया। इसके बाद साइबर सेल ने युवक की लोकेशन ट्रेस की। उसकी लोकेशन दनकौर शो हो रही थी। साइबर सेल ने दनकौर पुलिस स्टेशन के एसएचओ और श्याम नगर पुलिस चौकी इंचार्ज से संपर्क कर उन्हें फौरन जानकारी दी।

इस तरह बची लड़के की जान

जैसे ही यह जानकारी मिली, पुलिस तत्काल वहां पहुंच गई और करीब 50 घरों के दरवाजों पर दस्तक दिया। इधर, चौकी इंचार्ज योगेंद्र कुमार लड़के को लगातार फोन कर रहे थे। 20 बार फोन करने के बाद किसी तरह लड़के ने कॉल रिसीव किया और फिर बातचीत शुरू हुई। पुलिस ने उसे हर तरह से समझाया और आश्वासन दिया। उधर, पुलिस की दूसरी टीम लड़के के घर पहुंच गई। दरवाजा खोलकर उसे पुलिस ने समझाया। लड़का रोने लगा। बताया कि पत्नी से झगड़ा होने के बाद से वह परेशान है। इसके बाद पुलिस लड़के को लेकर थाने गई और उसकी काउंसलिंग कराई। बाद में उसके घर और ससुराल वाले भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने उसे घर भेज दिया है और उस पर नजर बनाए हुए है। इधर, नोएडा कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस की सक्रियता की तारीफ की और उन्हें सम्मानित करने का फैसला किया है।

क्या है इंस्टाग्राम अलर्ट फीचर

दरअसल, पिछले साल मार्च में यूपी पुलिस ने मेटा (Meta) के साथ एक समझौता किया था। इस समझौते के मुताबिक, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अगर किसी भी तरह का संदेहास्पद पोस्ट या कमेंट आता है तो तुरंत अलर्ट जारी हो जाता है। इस फीचर की मदद से पुलिस अपराध से लेकर आत्महत्या तक रोकती है। इसी साल 31 जनवरी को इस फीचर की मदद से पुलिस ने गाजियाबाद के एक युवक की जान बचाई थी। जिसने लाइव वीडियो शेयर कर सुसाइड करने की बता कही थी।

इसे भी पढ़ें

गजब ! अब फोटो से भी कॉपी हो जाएगा पूरा टेक्स्ट, WhatsApp लाया धांसू फीचर

 

कलर चेंजिंग बैक पैनल, रिंग लाइट LED फ्लैश, 66W फास्ट चार्जिंग, यहां जानें Vivo V27 की फुल डिटेल्स

 

Share this article
click me!