
लखनऊ: देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान सोमवार 18 जुलाई को जारी है। यूपी के 403 विधायक इस दौरान विधान भवन में मतदान करेंगे। यहां हर मत का मूल्य 208 है। मतदान को लेकर लगातार विधायकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इस बीच सीएम योगी ने पहुंचकर सबसे पहले मतदान किया। मतदान के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 80 फीसदी वोटों को एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को दिलाने का वादा भी किया। इसके बाद दूसरा मत संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना और तीसरा मत विधायक धीरेंद्र सिंह ने डाला।
ओम प्रकाश राजभर ने भी पहुंचकर किया मतदान
भाजपा के विधायकों और मंत्रियों ने मतदान के लिए जाने के साथ ही एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत का दावा किया। इस बीच सुहेलदेव समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ वोट डालने के लिए पहुंचे। उनके द्वारा भी राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की बात कही गई। राजभर इन दिनों अखिलेश यादव से नाराज चल रहे हैं। ज्ञात हो कि बीते दिनों समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को समर्थन का ऐलान किया था। हालांकि उस बैठक में राजभर को न बुलाए जाने से उनकी नाराजगी भी सामने आई थी।
राजभर ने कहा- सपा से नाराजगी की कई वजह
मतदान के दौरान सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सपा से नाराजगी को लेकर कई वजहें हैं। राष्ट्रपति चुनाव के लिए उनसे एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने तो समर्थन मांगा हालांकि यूपीए के किसी भी नेता ने इस बारे में उनसे बातचीत नहीं की। लिहाजा उन्होंने अपने दल के सभी विधायकों के साथ द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करने का फैसला लिया। इस बीच सहायक रिटर्निंग अधिकारी बृजभूषण दुबे ने बताया कि यूपी में एक विधायक के मत का मूल्य 208 है।
क्या अब कभी भारत में कोई मुस्लिम राष्ट्रपति या PM नहीं बन पाएगा, क्यों ट्रेंड हुआ Muslim PM?
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।