Diwali 2021: दुल्हन सी सजी अयोध्या, 12 लाख दीये खूबसूरती में लगाएंगे चार चांद, जानें दीपोत्सव पर पूरा प्लान..

Published : Nov 01, 2021, 07:04 PM IST
Diwali 2021: दुल्हन सी सजी अयोध्या, 12 लाख दीये खूबसूरती में लगाएंगे चार चांद, जानें दीपोत्सव पर पूरा प्लान..

सार

इस दिवाली अयोध्या में 12 लाख दिये जलाए जाएंगे। इनमें से 9 लाख दीये राम की पैड़ी पर, बाकी तीन लाख दीये रामनगरी के अन्य स्थानों, मठों और मंदिरों में जलाए जाएंगे। ये एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा। हाइवे और साकेत कॉलेज से राम की पैड़ी तक कुल 20 प्रवेश द्वार रामायण युग को जीवंत करते नजर आ रहे हैं।

अयोध्या : भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या (ayodhya) में भव्य दिवाली (Diwali 2021) शुरू हो गई है। हर बार की तरह इस बार भी शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। दीपोत्सव की शुरुआत हो गई है। चारों तरफ उल्लास का माहौल है और भगवान श्रीराम के स्वागत के लिए हर कोने में दीप जलाया गया है। राज्य में योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की सरकार बनने के बाद ये पांचवां दीपोत्सव है। इसका मुख्य आयोजन 3 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस दिन सरयू घाट को 9 लाख दीपों से सजाया जाएगा और अयोध्या एक बार फिर नया विश्व रिकॉर्ड बनाएगी। रविवार को मुख्यमंत्री ने अयोध्या में तैयारियों का जायजा भी लिया और 24 घंटे के भीतर सभी अधूरे काम पूरे करने के निर्देश दिए हैं।

3 नवंबर को मुख्य कार्यक्रम
अयोध्या में राममंदिर निर्माण के बीच दीपोत्सव का महत्व बढ़ गया और सोमवार से पांच दिवसीय दिवाली का पर्व शुरू हो गया है। राज्य में बीजेपी की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 में दीपोत्सव की नींव रखी थी और उसके बाद लगातार राज्य में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 2019 में राम मंदिर के पक्ष में फैसला आने के बाद दीपोत्सव पर्व का उत्साह कई गुना बढ़ गया। राममंदिर का काम बड़े तेजी से चल रहा है और नींव का काम भी पूरा होने वाला है। ऐसे में अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम का महत्व बढ़ गया है और दीपोत्सव कार्यक्रम के लिए पूरी अयोध्या आनंदित और उल्लास में है। पांच दिन तक चलने वाले इस महोत्सव का मुख्य आयोजन तीन नवंबर को होगा। मुख्य कार्यक्रम के दिन राज्यपाल, सीएम योगी सहित कई मंत्री और विदेशी मेहमान शिरकत करेंगे।

दीपोत्सव का पूरा प्लान
3 नवंबर को दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम
दोपहर 2:30 से शुरू होगा दीपोत्सव कार्यक्रम
दोपहर 2 बजे यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी अयोध्या पहुंचेंगे। 
दोपहर 2:30 बजे भगवान श्रीराम सीता का हेलीकॉप्टर से आगमन होगा और भरत मिलाप होगा।
दोपहर 3 बजे रामायण चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन। 
दोपहर 3:30 बजे श्रीराम का राज्याभिषेक।
दोपहर 3:45 बजे अयोध्या के विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास।
शाम 4 बजे यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी का भाषण।
शाम 5:20 बजे सरयू आरती का आयोजन।
शाम 6 बजे राम की पैड़ी पर दीपोत्सव की शुरूआत।
शाम 6:15 बजे राम की पैड़ी पर 9 लाख दीये जलाए जाएंगे, अयोध्या शहर में 3 लाख दीये जलाए जाएंगे। अयोध्या में कुल 12 लाख दीये जलेंगे।
शाम 7 बजे योगी आदित्यनाथ का भाषण।
शाम 7:40 बजे राम की पैड़ी पर आतिशबाजी और लेजर शो का आयोजन।
रात 8:30 बजे श्रीलंका के सांस्कृतिक दल द्वारा रामलीला का मंचन
रात 9:30 बजे कार्यक्रम का समापन।

12 लाख दीयों से जगमगाएगी श्रीराम की नगरी
इस दिवाली अयोध्या में 12 लाख दीये जलाए जाएंगे। इनमें से 9 लाख दीये राम की पैड़ी पर, बाकी तीन लाख दीये रामनगरी के अन्य स्थानों, मठों और मंदिरों में जलाए जाएंगे। ये एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा। हाइवे और साकेत कॉलेज से राम की पैड़ी तक कुल 20 प्रवेश द्वार रामायण युग को जीवंत करते नजर आ रहे हैं। यहां पर रामायण पर आधारित 20 तोरण द्वार बनाए गए हैं। जिसमें इल्केट्रिक कलश, दीप, झालर लाइटिंग के माध्यम से पूरे शहर को रोशन करने की तैयारी की गई है। सरयू पुल पर भव्य लाइटिंग का काम किया गया है तो गोंडा सीमा तक सरयू पुल को फूलों से सजाया गया है।

लेजर शो लगाएगा चार चांद
राम की पैड़ी पर प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो की तैयारी चल रही है और इस बार प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए राम की गाथा को जीवंत करने की तैयारी अयोध्या में की गई है। यही नहीं राम की पैड़ी का हेरिटेज लुक भी इस बार का आकर्षण है। जबकि राम कथा पार्क को राम दरबार की थीम पर सजाया गया है। यहां पर रामायण सम्मेलन की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। 

इसे भी पढ़ें-CM योगी ने पूरी की अफगानिस्तान की लड़की की इच्छा, अयोध्या में काबुल नदी के जल से किया रामलला का अभिषेक

इसे भी पढ़ें-PM Modi Kedarnath Visit: केदारनाथ जाएंगे पीएम मोदी, आदि शंकराचार्य की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

योगी की ODOP योजना से यूपी को नई रफ्तार: 1.84 लाख करोड़ निर्यात, 3.16 लाख लोगों को मिला रोजगार
UP Budget 2026-27: नगर विकास, स्मार्ट सिटी और शहरी अवसंरचना से बदलेगा नया उत्तर प्रदेश