प्रियंका गांधी का यूपी पुलिस पर बड़ा आरोपः पुलिस ने मेरा गला दबाया, धकेला और मैं गिर गई...

कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेने लखनऊ पहुंची प्रियंका गांधी ने पुलिस पर उनके साथ बदसलूकी का आरोप लगाया है। प्रियंका ने आरोप लगाते हुए कहा, मैं शांतिपूर्वक तरीके से रिटायर्ड आईपीएस एसआर दारापुरी के घर उनके परिवार वालों से मुलाकात करने जा रही थी

Asianet News Hindi | Published : Dec 28, 2019 1:40 PM IST / Updated: Dec 28 2019, 07:38 PM IST

लखनऊ (Uttar Pradesh). कांग्रेस के स्थापना दिवस पर लखनऊ पहुंची प्रियंका गांधी ने पुलिस पर उनके साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। प्रियंका ने आरोप लगाते हुए कहा, मैं शांतिपूर्वक तरीके से रिटायर्ड आईपीएस एसआर दारापुरी के घर उनके परिवार वालों से मुलाकात करने जा रही थी। रास्ते में अचानक पुलिस की गाड़ी आई। मेरी गाड़ी के आगे रोक लिया। कहा आप नहीं जा सकते। हमने पूछा क्यों। रोकने का क्या मतलब है। उन्होंने कहा कि आपको जाने नहीं देंगे। मैं गाड़ी से उतर गई। मुझे घेरा, गला दबाया। मैं गिर गई। मैं उठी और चलती रही। फिर टू व्हीलर को रोका। मैं यहां तक पैदल आई हूं। इनके साथ (दारापुरी) बहुत गलत हुआ है। बता दें, पिछले दिनों दारापुरी को नागरिकता कानून का विरोध करने के लिए गिरफ्तार किया गया था।

पहले प्रियंका को सदफ जफर के घर जाने से रोका गया 
जानकारी के मुताबिक, प्रियंका पहले हिंसा के आरोप में गिरफ्तार किए गए सदफ जफर के घर जाने के लिए निकली थीं। लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रियंका ने दारापुरी के परिजनों से मुलाकात करने का फैसला किया तो लोहिया पार्क के पास उनके काफिले को रोक दिया गया। जिसके बाद प्रियंका पैदल ही दारापुरी के परिवार से मिलने निकल पड़ीं। इस दौरान प्रियंका का आरोप है कि उनके साथ पुलिसवालों ने बदसलूकी की।

प्रियंका बोलीं- दारापुरी निर्दोष हैं
प्रियंका ने कहा, 77 साल के दारापुरी के साथ गलत हुआ है। उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट डाली थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि उन्होंने अपनी पोस्ट में अहिंसा की बात कही थी। सरकार उनके साथ गलत कर रही है।

मुंबई से लेकर जयपुर तक सड़क पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता
बता दें, कांग्रेस के स्थापना दिवस पर शनिवार को मुंबई से लेकर जयपुर तक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता संविधान बचाओ, देश बचाओ कार्यक्रम के तहत सड़क पर उतरे। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली, राहुल गांधी गुवाहाटी और प्रियंका गांधी लखनऊ में विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रियंका ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएए और एनआरसी पर संदेश दिया। इस दौरान सुरक्षा में सेंध लगाकर एक कार्यकर्ता दौड़कर प्रियंका के करीब जा पहुंचा था।

Share this article
click me!