
सहारनपुर: कानपुर हिंसा के ठीक एक सप्ताह के बाद जुम्मे की नमाज के दिन यूपी के कई जनपदों से फिर से प्रदर्शन की तस्वीर सामने आई। खुफिया विभाग की ओर से जारी इनपुट और कई जनपदों में धारा 144 लगे होने के बाद सहारनपुर से चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आईं। सहारनपुर में जैसे ही नमाज खत्म हुई तो भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। हालांकि अधिकारी इस बीच ऑल इज वेल की बात कहते रहें। हद तो तब हो गई जब सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो सामने आने के बाद भी प्रदर्शन से इंकार किया जाता रहा।
मस्जिद के बाहर जमकर हुई नारेबाजी
पैगंबर मोहम्मद को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाली नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी को लेकर सहारनपुर में मुस्लिम समुदाय ने हंगामा किया। जुमे की नमाज के बाद सहारनपुर की सड़कों पर उतरे मुस्लिम समुदाय के लोगों ने 15 से 20 मिनट तक मस्जिद के बाहर जमकर नारेबाजी की।
मस्जिद के आसपास भारी पुलिस फोर्स तैनात थी। इसके बाद भी करीब करीब 15-20 मिनट तक मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हंगामा किया। हाथ मे तिरंगा लेकर पहुंचे युवाओं ने भी प्रदर्शन किया। एसपी सिटी ने पुलिसबल के साथ गश्त कर रहे हैं। वहीं देवबंद में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन की खबर है।
अधिकारियों ने बताया ऑल इज वेल
एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि सहारनपुर में जुमे की नमाज के बाद काफी संख्या में लोग एकत्रित हुए थे, लेकिन कुछ देर बाद सभी वापस अपने गंतव्य को चले गए थे। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में संवेदनशील इलाकों में पुलिस जगह-जगह लगातार भ्रमण कर रही है।
जुमे की नमाज को देखते हुए व्यापक पुलिस प्रबंध कराए गए थे। 130 कंपनी पुलिस फोर्स की लगाई गई थीं, साथ ही मजिस्ट्रेट भी निरीक्षण कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है कि कहीं कोई माहौल खराब करने की कोशिश न कर सके। उन्होंने बताया कि धर्मगुरुओं की तरफ से भी पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग मिला है। धर्मगुरुओं ने लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से लोगों से नमाज संपन्न करने की अपील की थी।
जुमे की नवाज को लेकर अलर्ट के बावजूद सहारनपुर और प्रयागराज में बवाल, आरएएफ ने संभाला मोर्चा
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।