कोरोना वॉरियर्स: आइसोलेशन में हर दिन 80 लोगों के लिए खाना तैयार करती है 4 बच्चों की ये मां, जज्बे को सलाम

कोरोना वायरस का खतरा लगातार बढ़ता ही चला जा रहा है। इंग्लैंड में इससे 47,806 लोग संक्रमित हैं, वहीं 4, 934 लोगों की मौत हो चुकी है। इंग्लैंड में इससे बचाव के लिए सबसे लंबा लॉकडाउन घोषित किया गया है। जहां ज्यादातर लोग लॉकडाउन में किसी तरह समय काट रहे हैं, वहीं साउथ-वेस्ट इंग्लैंड के डॉर्सेट की रहने वाली एक महिला अपने घर में जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन तैयार कर रही है।

Asianet News Hindi | Published : Apr 6, 2020 8:28 AM IST / Updated: Apr 07 2020, 10:03 AM IST

हटके डेस्क। कोरोना वायरस का खतरा लगातार बढ़ता ही चला जा रहा है। इंग्लैंड में इससे 47,806 लोग संक्रमित हैं, वहीं 4,934 लोगों की मौत हो चुकी है। इंग्लैंड में इससे बचाव के लिए सबसे लंबा लॉकडाउन घोषित किया गया है। जहां ज्यादातर लोग लॉकडाउन में किसी तरह समय काट रहे हैं, वहीं साउथ-वेस्ट इंग्लैंड के डॉर्सेट की रहने वाली एक महिला अपने घर में जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन तैयार कर रही है। 33 साल की इस महिला का नाम सोफिया मियर्स है। वह रोज 80 लोगों के लिए खाना तैयार करती है और उन्हें पैकेटबंद कर उन लोगों तक पहुंचाने का प्रबंध करती है, जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है।

रोज 10 घंटे लगाती है खाना बनाने में
सोफिया मियर्स को 80 लोगों का खाना तैयार करने, उसे पैकेटबंद करने और पार्सल करने में  रोज 10 घंटे लगते हैं। उसे एक फेसबुक कम्युनिटी सपोर्ट ग्रुप से पता चला कि एक फैमिली को भोजन की जरूत है। इसके बाद सोफिया ने उनके लिए खाना तैयार किया। इसके बाद उसने सोचा कि ऐसे लोग और भी हो सकते हैं, जिन्हें लॉकडाउन के दौरान भोजन की जरूरत हो। फिर सोफिया ने बड़े पैमाने पर खाना बनाने और उसे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का निर्णय लिया।  

पड़ी हाइजीन सर्टिफिकेट की जरूरत
उसने अपने घर पर रसोई में रोज फूड पार्सल तैयार करना शुरू किया। लोगों ने उसके इस काम की काफी प्रशंसा की, लेकिन लोकल कम्युनिटी के अधिकारियों ने कहा कि बिना हाइजीन सर्टिफिकेट के वह इतने लोगों के लिए भोजन तैयार नहीं कर सकती है। अब सोफिया को लगा कि उसे यह काम कहीं बंद नहीं करना पड़े, क्योंकि लॉकडाउन के कारण इंस्पेक्टर उसकी रसोई की स्वच्छता की जांच करने के लिए नहीं आ सकते थे। बिना स्वच्छता प्रमाण पत्र के सोफिया लोगों के लिए भोजन नहीं बना सकती थी। 

ऑनलाइन हुई जांच और मिला सर्टिफिकेट
सोफिया ने अधिकारियों से कहा कि उसे जरूरतमंद लोगों के लिए खाना बनाने की इजाजत दी जाए। आखिरकार, अधिकारियों ने ऑनलाइन जांच करने का तरीका अपनाया। इस जांच के बाद सोफिया की रसोई को बेहद साफ-सुथरा और हाइजीनिक पाया गया। उसे फाइव स्टार रेटिंग मिली।

बच्चों की देखभाल के साथ करती है यह काम
सोफिया पियर्स के चारों बच्चे अभी छोटे हैं। वह बच्चों की देखभाल करने के साथ जरूरतमंद लोगों के लिए न सिर्फ भोजन तैयार करती है, बल्कि इसका ध्यान भी रखती है कि पार्सल की डिलिवरी हुई या नहीं। सोफिया के इस काम के साथ कुछ और भी लोग जुड़ गए हैं। ये सोशल मीडिया के जरिए इस पर नजर रखते हैं कि भोजन जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। उनके पास वे लोग जिन्हें फूड की जरूरत है, मैसेज भेज सकते हैं और फूड का पार्सल मिलने पर इसके बारे में जानकारी भी दे देते हैं।

लोगों का मिल रहा है सपोर्ट
सोफिया ने बताया कि उसने कुछ सप्ताह पहले ही यह काम शुरू किया। किसी फैमिली को भोजन की जरूरत थी। पहले उनके लिए भोजन तैयार किया, लेकिन अब 80 लोगों के लिए लंच और डिनर वह अपनी रसोई में बनाती है। सोफिया ने कहा कि इस काम में उन्हें लोगों का काफी सपोर्ट मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इससे मुझे काफी खुशी होती है और जब मैं अपने परिवार के साथ भोजन करने के लिए रात में बैठती हूं, तो मुझे काफी संतोष होता है।

Share this article
click me!