खाना खाने से लेकर सोने तक ब्रिटेन के शाही परिवार के लोगों को करना होता है इन 20 अजीब नियमों का पालन

ब्रिटेन के शाही परिवार (British Royal Family) के लोगों को खाना खाने से लेकर सोने तक कई तरह के अजीब नियमों का पालन करना होता है। शाही लोग वोट नहीं डाल सकते। वे किसी को अपना ऑटोग्राफ नहीं देते। 
 

Asianet News Hindi | Published : Jun 16, 2022 6:20 AM IST

लंदन। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (Queen Elizabeth II) ने इस महीने राजगद्दी पर बैठने के 70 साल पूरा होने का जश्न मनाया। शाही परिवार का जीवन चमक-दमक से लैस दिखता है। महल में रहने वाले शाही लोगों को देखकर आमतौर पर लगता है कि इन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं। हालांकि सच यह है कि शाही परिवार का जीवन आसान नहीं होता। उन्हें तरह-तरह के अजीब नियमों का पालन करना होता है और सदियों से चली आ रहीं अनोखी परंपराएं निभानी होती है। आइए जाते हैं ऐसे ही 20 अजीब नियमों के बारे में जिसका शाही परिवार के लोगों का पालन करना होता है।

1- क्रिसमस डिनर से पहले और बाद में शाही परिवार के सभी लोगों का वजन लिया जाता है। खाना खाने के बाद अगर किसी का वजन अधिक पाया गया तो कहा जाता है कि उसने बहुत अधिक खाना खाया है। यह विचित्र परंपरा किंग एडवर्ड सप्तम (क्वीन एलिजाबेथ के परदादा) के समय से चली आ रही है। वह यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि मेहमानों को अच्छी तरह खाना मिले।

2- यह शायद सबसे अजीब और कम से कम सख्ती से लागू नियम है। रानी ने कथित तौर पर शाही परिवार के सदस्यों के बोर्ड गेम मोनोपोली खेलने पर प्रतिबंध लगा दिया है। उनका मानना है कि इससे परिवार के लोगों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ती है।

3- रॉयल्स से हर समय राजनीतिक रूप से तटस्थ रहने की उम्मीद की जाती है। इसमें चुनाव में मतदान से परहेज करना भी शामिल है। शाही परिवार के सदस्य वोट नहीं डालते। हालांकि उनका मतदान सख्ती से अवैध नहीं है। ब्रिटेन संसद की वेबसाइट के अनुसार चुनाव में मतदान करना सम्राट के लिए असंवैधानिक माना जाता है।

4- शाही परिवार के लोग किसी राजनीतिक दल के समर्थन में बयान नहीं दे सकते। उन्हें तटस्थ रहना होता है। महल को अक्सर महारानी एलिजाबेथ द्वारा सार्वजनिक रूप से राजनीतिक विचार व्यक्त करने की खबरों का खंडन करना पड़ता है। 

5- शाही परिवार के सदस्य को शादी से पहले रानी की लिखित मंजूरी जरूरी लेनी होती है। अगर कोई रानी की सहमति के बिना अपनी मर्जी से शादी करता है तो उसे सिंहासन का उत्ताधिकारी होने से अयोग्य घोषित कर दिया जाता है। अप्रैल 2011 में महारानी एलिजाबेथ ने प्रिंस विलियम और केट मिडलटन को शादी करने के लिए अपनी सहमति दी थी।

6- शाही परिवार के लोग केवल अंतिम संस्कार के दौरान काला कपड़ा पहनते हैं। इसके अलावा उन्हें काला कपड़ा पहनने से परहेज करना होता है। राजकुमारी डायना ने 1981 में एक संगीत कार्यक्रम में काले रंग की पोशाक पहनी थी। प्रिंस चार्ल्स ने उनसे कहा था कि केवल शोक में शाही लोग काला कपड़ा पहनते हैं।

7- औपचारिक आयोजनों में शाही परिवार की महिलाओं को भी टोपी पहननी होती है। यह एक लंबे समय से चली आ रही शाही परंपरा है। 1950 के दशक तक महिलाओं को बहुत कम ही बिना टोपी के देखा जाता था। उस समय महिलाओं के लिए अपने बालों को सार्वजनिक रूप से दिखाना अच्छी बात नहीं माना जाता था।

8- शाही परिवार के लोग अपने प्रशंसकों को ऑटोग्राफ नहीं देते। रॉयल प्रोटोकॉल परिवार के सदस्यों को हस्ताक्षर देने से रोकता है। यह रोक इसलिए है क्योंकि कोई शातिर व्यक्ति साइन की नकल कर गलत काम नहीं कर सके।

9- शाही प्रोटोकॉल के अनुसार सिंहासन के दो सीधे उत्तराधिकारियों को एक ही विमान में यात्रा नहीं करनी चाहिए। इसका मतलब है कि प्रिंस चार्ल्स और प्रिंस विलियम एक साथ नहीं उड़ सकते। प्रिंस चार्ल्स और क्वीन एलिजाबेथ एक साथ नहीं उड़ सकते। यह नियम दुर्घटना होने पर एक साथ दो उत्तराधिकारियों की मौत की आशंका के चलते बनाया गया है।

10- शाही परिवार के लोगों से कहा जाता है कि वे शेलफिश खाने से बचें। अन्य खाद्य पदार्थों की तुलना में शेलफिश में फूड प्वाइजनिंग का खतरा अधिक होता है। परिवार के लोगों से उम्मीद की जाती है कि वे स्वास्थ अच्छा रखने वाला भोजन ही ग्रहण करें। परिवार को यह भी सलाह दी जाती है कि कम पके हुआ मांस नहीं खाएं, विदेशों में नल का पानी पिएं और अत्यधिक मसालेदार भोजन न करें।

11- शाही परिवार के लोग फर नहीं पहन सकते। यह नियम 685 साल से चला आ रहा है। किंग एडवर्ड III ने 1337 में फर अधिनियम पारित किया था। इस अधिनियम ने शूरवीरों और पादरियों को छोड़कर सभी को फर पहनने से प्रतिबंधित कर दिया था।

12- रानी के साथ अगर आप खाना खा रहे हैं तो तभी तक खाना चाहिए जबतक रानी खा रहीं हैं। अगर रानी ने अपना चाकू और कांटा नीचे रखा और खाना बंद किया तो साथ बैठकर खाना खा रहे लोगों को भी खाना बंद करना होता है। 

13- खाना खाते वक्त दाहिने हाथ में चाकू और बाएं हाथ में कांटा होना चाहिए। आप सिर्फ बगल में बैठे लोगों से बात कर सकते हैं। 

14- अगर किसी महिला ने लिपिस्टिक लगाया है तो उसे अपने ग्लास से एक ही जगह से पानी पीने की कोशिश करनी चाहिए ताकि कांच पर उसके लिपिस्टिक का धब्बा अधिक नहीं दिखे।

15- रानी के सोने से पहले महल में रहने वाले शाही परिवार के दूसरे लोगों नहीं सोना चाहिए। सभी लोगों को रानी के सोने जाने का इंतजार करना होता है।

16- ब्रिटेन में रानी एकमात्र व्यक्ति हैं, जिन्हें कार चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस की आवश्यकता नहीं है। उन्हें कभी भी ड्राइविंग टेस्ट नहीं देना पड़ता और कार पर टैग लगाना नहीं पड़ता।

17- शाही परिवार के लोग आमतौर पर रूम में एक क्रम में प्रवेश करते हैं और उसी क्रम में बैठते हैं। क्रम इस बात से तय होता है कि ताज के लिए अगला उत्तराधिकारी कौन है। आमतौर पर क्वीन एलिजाबेथ किसी रूम में सबसे पहले आतीं हैं। इसके बाद प्रिंस चार्ल्स और कैमिला, प्रिंस विलियम और केट और परिवार के अन्य लोग आते हैं। 

18- शाही परिवार के सदस्यों को छोटी उम्र से ही सही तरीके से हाथ मिलाना सिखाया जाता है। आम लोगों को कभी भी किसी शाही व्यक्ति से हाथ मिलाने की पहल नहीं करनी चाहिए। उनके हमारे पास आने का इंतजार करना चाहिए।

19- शाही परिवार के लड़कों को 8 साल की उम्र तक शॉर्ट्स पहनाया जाता है। आठ साल के बाद वे फूल पैन्ट पहनते हैं। युवा लड़कों को गाउन और फिर शॉर्ट्स पहनने की कुलीन प्रथा 16वीं शताब्दी की है।

20- शाही परिवार के लोगों को शौचालय और इत्र जैसे शब्द बोलने से बचना होता है। शाही परिवार की शब्दावली में एक दर्जन से अधिक शब्द प्रतिबंधित हैं।

Share this article
click me!