
Russia-Ukraine War hindi news : रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध (Russia Ukraine War) रविवार को लगातार चौथे दिन युद्ध जारी है। रूसी सैनिक अत्याधुनिक हथियारों से यूक्रेन पर ताबड़तोड़ गोली-बम बरसा रहे हैं। इस बीच यूक्रेन के ऑयल डिपो पर भीषण आग लग गई। रविवार को रूस की सेना यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव में दाखिल हो गई। राजधानी कीव में दोनों सेनाओं के बीच संघर्ष जारी है। रूसी कमांडोज ने यूक्रेनी सेना के चेचेन स्पेशल फोर्स के टॉप जनरल को मार गिराया। गोलीबारी में रविवार को छह लोगों की मौत हुई। इनमें एक सात साल की बच्ची भी शामिल है।
अमेरिका ने लगाया पुतिन पर प्रतिबंध
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन (Antony Blinken) ने रविवार को कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vlidimir putin) ने बातचीत के जरिए प्रयासों को खारिज कर दिया है। हम मुद्दे का हल बातचीत से निकालना चाहते थे, लेकिन पुतिन ने इसे नहीं माना। ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका पुतिन और यूक्रेन संकट के लिए रूस की सुरक्षा परिषद के तीन सदस्यों पर प्रतिबंध लगा रहा है।
28 देश मदद को आगे आए
उधर, इनावकोव में जारी जोरदार जंग के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ने लोगों से लड़ाई में शामिल होने की अपील की है। अमेरिका और ब्रिटेन समेत 28 देशों ने यूक्रेन की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। हालांकि, हमले के पहले दिन से अंतरराष्ट्रीय स्तर चल रहे दबाव का कोई हल नहीं निकला और रूस ने यूक्रेन पर अपने हमले नहीं रोके थे। रविवार को लगातार चौथे दिन रूस, यूक्रेन की राजधानी कीव पर ताबड़तोड़ हमले करता रहा। कीव में चारों तरफ आग और धुएं का गुबार नजर आ रहा है। अब तक यूक्रेन के 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग हमलों में घायल हुए हैं। मेट्रो स्टेशंस और बेसमेंट में लोगों ने शरण ली है। रूस तेजी से कीव की तरफ बढ़ रहा है और जल्दी ही उस पर कब्जा कर सकता है।
यह भी पढ़ें Ukraine Update: स्टोर्स में सामान खत्म हुआ, जो है उसकी कीमतें बहुत बढ़ीं, सड़कों पर हथियार लेकर घूम रहे लोग
प्रतिबंध बढ़ा सकता है अमेरिका
यूएस स्टेट डिपार्टमेंट ने कहा कि रूसी सरकार एक संप्रभु और लोकतांत्रिक राज्य यूक्रेन पर अपने आगे के आक्रमण के लिए एक गंभीर आर्थिक और राजनयिक कीमत चुकाएगी। हम हम अपने सहयोगियों और भागीदारों के साथ एकजुट हैं। राष्ट्रपति पुतिन के अलावा रूस की सुरक्षा परिषद के तीन सदस्यों को सीधे तौर पर यूक्रेन पर आक्रमण के लिए जिम्मेदार बताया गया। इनमें विदेश मामलों के मंत्री सर्गेई लावरोव, रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और रक्षा के पहले उप मंत्री और रूसी संघ के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रमुख वालेरी गेरासिमोव हैं। अमेरिका ने कहा है कि यदि रूस ने यह कार्रवाई नहीं रोकी तो हम अन्य सदस्यों के नाम भी इस लिस्ट में शामिल करेंगे।
यह भी पढ़ें Ukraine में जन्मी थी दुनिया की सबसे खतरनाक महिला स्नाइपर, हिटलर भी खाता था खौफ, नाम था लेडी डेथ
यह भी पढ़ें यूक्रेन के राष्ट्रपति की अपील मदद करें, हम आपको हथियार देंगे, बाइडेन ने कहा- तीसरा विश्व युद्ध ही विकल्प
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।