दिवाली पर इलेक्ट्रिक कार खरीदना चाहते हैं? जानिए Tata, MG और Citroen की 5 इलेक्ट्रिक कारों की कीमत, बैटरी, फीचर्स और ड्राइविंग रेंज।
Best Electric Cars in India: अगर आप इस दिवाली नई कार खरीदने का मन बना चुके हैं और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते खर्च से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो इलेक्ट्रिक कार एक अच्छा विकल्प हो सकती है। भारतीय बाजार में अब कई कंपनियां किफायती इलेक्ट्रिक कारें पेश कर रही हैं। इनमें छोटी सिटी कार से लेकर ज्यादा रेंज वाली इलेक्ट्रिक SUV तक शामिल हैं। खास बात यह है कि कुछ कंपनियां Battery as a Service (BaaS) यानी बैटरी किराये पर लेने का विकल्प भी दे रही हैं। इससे कार की शुरुआती कीमत कम हो जाती है।
नवंबर 2026 में उपलब्ध कीमतों के आधार पर टाटा टियागो EV, MG कॉमेट EV, टाटा पंच EV, सिट्रॉएन eC3 X और टाटा नेक्सन EV ऐसे 5 विकल्प हैं, जिन पर दिवाली के मौके पर विचार किया जा सकता है। आइए इनकी कीमत, बैटरी और रेंज के बारे में जानते हैं।
1. Tata Tiago EV: सबसे कम कीमत में इलेक्ट्रिक कार
₹6.99 लाख से शुरू (एक्स-शोरूम कीमत)
टाटा टियागो EV देश की किफायती इलेक्ट्रिक कारों में शामिल है। इसके अलग-अलग वैरिएंट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.99 लाख से 10,09,000 रुपये के बीच है। इसमें 19.2 kWh और 24 kWh के दो बैटरी पैक मिलते हैं। कंपनी के अनुसार, इनकी रेंज क्रमशः 226 और 285 किलोमीटर तक है। इसमें मल्टी-लेवल रीजनरेटिव ब्रेकिंग और DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा भी मिलती है। यह कार रोजाना ऑफिस आने-जाने और शहर में इस्तेमाल के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है।
2. MG Comet EV: छोटी फैमिली के लिए किफायती कार
₹7.89 लाख से शुरू (एक्स-शोरूम कीमत)
MG Comet EV उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प हो सकती है, जिन्हें मुख्य रूप से शहर में कार चलानी है। इसका छोटा आकार ट्रैफिक और तंग पार्किंग वाली जगहों पर काफी उपयोगी है। इसमें करीब 17.3 kWh का बैटरी पैक मिलता है और कंपनी के मुताबिक इसकी रेंज 230 किलोमीटर तक है। इसमें 10.25 इंच का टचस्क्रीन, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले जैसे फीचर्स मिलते हैं। हालांकि, इसमें DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा नहीं है। अलग-अलग वैरिएंट के हिसाब से इसकी कीमत ₹7,89,800 से 9,99,000 के बीच है।
3. Tata Punch EV: SUV जैसी डिजाइन और बेहतर रेंज
₹9.79 लाख से शुरू (एक्स-शोरूम कीमत)
अगर आप छोटी हैचबैक के बजाय SUV जैसी डिजाइन वाली इलेक्ट्रिक कार चाहते हैं, तो टाटा पंच EV पर विचार कर सकते हैं। इसमें 30 kWh और 40 kWh बैटरी विकल्प मिलते हैं। कंपनी के मुताबिक, बड़े बैटरी पैक वाले वेरिएंट की रेंज 468 किलोमीटर तक है। इसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और वायरलेस फोन चार्जिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं। यह उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है, जिन्हें शहर के साथ लंबी दूरी भी तय करनी होती है। इसके अलग-अलग वैरिएंट की कीमत ₹9.79 लाख से ₹12.99 लाख के बीच है।
4. Citroen eC3 X: आराम और फीचर्स पर फोकस
₹12.09 लाख से शुरू (एक्स-शोरूम कीमत)
सिट्रॉएन eC3 X इस लिस्ट में उन ग्राहकों के लिए है, जो आरामदायक सफर और आधुनिक फीचर्स चाहते हैं। इसमें 29.2 kWh का बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी के अनुसार, इसकी ARAI सर्टिफाइड रेंज 330 किलोमीटर तक है। कार में 10.25 इंच का टचस्क्रीन, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो, एप्पल कारप्ले, वायरलेस फोन चार्जर और 6 एयरबैग जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलग-अलग वैरिएंट की कीमत ₹12,09,000 से ₹14.46 लाख के आसपास है।
5. Tata Nexon EV: ज्यादा रेंज वाली इलेक्ट्रिक SUV
₹12.49 लाख से शुरू (एक्स-शोरूम कीमत)
टाटा नेक्सन EV उन ग्राहकों के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है, जो ज्यादा रेंज और प्रीमियम फीचर्स वाली इलेक्ट्रिक SUV चाहते हैं। इसमें 30 kWh और 45 kWh के बैटरी पैक मिलते हैं। कंपनी के मुताबिक, इनकी रेंज क्रमशः 275 और 489 किलोमीटर तक है। इसमें 12.3 इंच का टचस्क्रीन, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 6 एयरबैग और चुनिंदा वेरिएंट में पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलग-अलग वैरिएंट की एक्स शोरूम कीमत ₹12,49,000 से 17,49,000 रुपए के बीच है।
दिवाली पर इलेक्ट्रिक कार खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
- इलेक्ट्रिक कार खरीदते समय सिर्फ शुरुआती कीमत देखकर फैसला न करें। बैटरी की क्षमता, एक्चुअल ड्राइविंग रेंज, चार्जिंग में लगने वाला समय और सर्विस सेंटर की उपलब्धता जरूर जांचें। इसके अलावा, घर पर चार्जिंग की सुविधा भी होनी चाहिए।
- कई कंपनियां BaaS प्लान के तहत कम कीमत पर कार खरीदने का मौका देती हैं। लेकिन इसमें बैटरी के लिए प्रति किलोमीटर के हिसाब से अलग भुगतान करना पड़ता है। इसलिए सामान्य कीमत और BaaS प्लान की कुल लागत की तुलना जरूर करें।
(Disclaimer: ऊपर दी गई सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं। इनमें रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और अन्य फीस शामिल नहीं हैं। दिवाली के दौरान मिलने वाले कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और बैंक ऑफर की अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी डीलर से बात जरूर करें।)














