BYD Seal U Price India: BYD अपनी पहली प्लग-इन हाइब्रिड SUV Seal U (Sealion 6) को भारत में 2026 के अंत तक लाने की तैयारी में है। हाल में टेस्टिंग के दौरान स्पॉट हुई यह 5-सीटर SUV DM-i टेक्नोलॉजी, 18.3kWh बैटरी, 1.5-लीटर टर्बो इंजन के साथ आती है; दावा: 1,200 किमी+ रेंज, 126 किमी EV-ओनली, AWD में 319 bhp/550 Nm, 0-100 किमी/घं. 5.9 सेकंड।

BYD Hybrid SUV India: इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता BYD भारतीय बाजार में अपनी पहली प्लग-इन हाइब्रिड SUV Seal U उतारने की तैयारी कर रही है। हाल ही में इस प्रीमियम SUV को भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिसके बाद इसके लॉन्च को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ग्लोबल मार्केट में इसे कुछ जगहों पर Sealion 6 नाम से भी जाना जाता है।

D Seal U को 2026 के आखिर तक भारत में लॉन्च किया जा सकता है। यह कंपनी के लिए भारतीय बाजार में एक नई रणनीति की शुरुआत होगी, क्योंकि अब तक BYD मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों पर फोकस करती रही है।

भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग से लॉन्च की चर्चा तेज

BYD Seal U को टेस्टिंग के दौरान देखे जाने के बाद माना जा रहा है कि कंपनी भारतीय परिस्थितियों के हिसाब से इसकी तैयारी कर रही है। यह भारत में BYD की पहली प्लग-इन हाइब्रिड पेशकश हो सकती है। SUV को सही समय और उपयुक्त वैरियंट्स के साथ लॉन्च करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। मौजूदा जानकारी के अनुसार, इसका भारतीय बाजार में आगमन 2026 के अंत तक हो सकता है।

DM-i Hybrid टेक्नोलॉजी से चलेगी Seal U

BYD Seal U की सबसे खास बात इसका DM-i Super Plug-in Hybrid पावरट्रेन है। इसमें 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और 18.3 kWh की Blade Battery मिलने की जानकारी है। यह सिस्टम सामान्य हाइब्रिड कारों से अलग है, क्योंकि इसे जरूरत पड़ने पर घर पर भी चार्ज किया जा सकता है। रोजमर्रा की छोटी दूरी की यात्रा इलेक्ट्रिक मोड में की जा सकती है, जबकि लंबी दूरी के सफर में पेट्रोल इंजन मदद करता है।

फुल चार्ज और फुल टैंक पर 1200 किमी से ज्यादा की रेंज का दावा

कंपनी के ग्लोबल मॉडल से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, BYD Seal U फुल चार्ज और फुल फ्यूल टैंक के साथ 1,200 किलोमीटर से ज्यादा की संयुक्त रेंज दे सकती है। सिर्फ बैटरी के दम पर इसकी इलेक्ट्रिक रेंज करीब 126 किलोमीटर तक बताई जाती है। यह उन लोगों के लिए खास हो सकती है, जिनकी रोजाना की ड्राइविंग सीमित है और वे पेट्रोल की खपत कम करना चाहते हैं।

319 bhp पावर और 5.9 सेकंड में 100 की रफ्तार

Seal U के इंटरनेशनल AWD वर्जन में लगभग 319 bhp की पावर और 550 Nm का टॉर्क मिलने की जानकारी है। कंपनी के दावों के अनुसार, यह SUV सिर्फ 5.9 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। हालांकि, भारत में आने वाले मॉडल के पावरट्रेन और स्पेसिफिकेशन में बदलाव हो सकता है। कंपनी की ओर से भारतीय वर्जन की पूरी जानकारी लॉन्च के करीब आने पर ही साफ होगी।

बड़ी टचस्क्रीन से ADAS तक, फीचर्स की लंबी लिस्ट

फीचर्स की बात करें तो BYD Seal U में 15.6 इंच की रोटेटिंग टचस्क्रीन, 19 इंच के अलॉय व्हील, पैनोरमिक सनरूफ और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। सुरक्षा के लिए इसमें 360 डिग्री कैमरा और Advanced Driver Assistance Systems यानी ADAS जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं। इसके अलावा Vehicle-to-Load (V2L) टेक्नोलॉजी भी खास होगी, जिसके जरिए कार की बैटरी से बाहरी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस चलाए जा सकते हैं।

भारत में कीमत होगी सबसे बड़ा गेमचेंजर

भारतीय बाजार में BYD Seal U की सफलता काफी हद तक इसकी कीमत पर निर्भर करेगी। यह SUV सामान्य हाइब्रिड कारों और पूरी तरह इलेक्ट्रिक वाहनों के बीच एक अलग विकल्प पेश कर सकती है। अगर कंपनी स्थानीय असेंबली और प्रतिस्पर्धी कीमत की रणनीति अपनाती है, तो Seal U उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है जो इलेक्ट्रिक ड्राइविंग का अनुभव चाहते हैं, लेकिन लंबी यात्रा के दौरान चार्जिंग और रेंज की चिंता से बचना चाहते हैं। अब नजर इस बात पर रहेगी कि BYD भारत में अपनी इस नई SUV को किस कीमत और किस वेरिएंट के साथ पेश करती है।