Does a Roof Box Reduce Car Mileage: कार की छत पर सामान या रूफ बॉक्स लगाने से माइलेज घट सकता है। जानिए शहर, हाईवे और तेज रफ्तार पर फ्यूल एफिशिएंसी कितनी प्रभावित होती है और वजन का क्या असर पड़ता है।
गर्मी की छुट्टियों में लंबी यात्रा की तैयारी करते समय कार की डिक्की अक्सर छोटी पड़ जाती है। ऐसे में रूफ बॉक्स या छत पर सामान बांधना आसान समाधान लगता है। लेकिन यही सुविधा पेट्रोल-डीजल का खर्च बढ़ा सकती है। वजह सिर्फ सामान का वजन नहीं, बल्कि हवा का बढ़ा हुआ दबाव भी है। जैसे ही कार की छत पर कोई बड़ा बॉक्स या बैग रखा जाता है, उसकी एरोडायनामिक्स बदल जाती है और इंजन को गाड़ी आगे बढ़ाने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।
हाईवे पर माइलेज पर सबसे ज्यादा असर
अमेरिका के ऊर्जा विभाग से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, छत पर बड़ा और चौड़ा कार्गो बॉक्स लगाने से शहर में माइलेज करीब 2 से 8 फीसदी तक घट सकता है। हाईवे पर यह असर 6 से 17 फीसदी तक पहुंच सकता है। वहीं 105 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे जैसी तेज रफ्तार पर माइलेज में 10 से 25 फीसदी तक की गिरावट देखी जा सकती है।
इसका सीधा कारण हवा का प्रतिरोध है। स्पीड बढ़ने के साथ एयर ड्रैग तेजी से बढ़ता है, इसलिए रूफ बॉक्स का असर भी तेज रफ्तार पर ज्यादा दिखाई देता है।
यह भी पढ़ें: iPhone 18 Pro Max खरीदें या Galaxy S26 Ultra? कीमत बराबर, लेकिन फर्क बहुत बड़ा!
पीछे सामान रखने पर कम नुकसान
अगर सामान को छत के बजाय पीछे लगे हिच कैरियर या ट्रे पर रखा जाए तो एरोडायनामिक नुकसान अपेक्षाकृत कम हो सकता है। उपलब्ध रिसर्च के अनुसार, इससे शहर में माइलेज करीब 1 से 2 फीसदी और हाईवे पर लगभग 1 से 5 फीसदी तक प्रभावित हो सकता है।
यानी लंबी यात्रा में सामान रखने की जगह चुनना भी फ्यूल एफिशिएंसी के लिहाज से मायने रखता है।
वजन भी बढ़ाता है ईंधन का खर्च
माइलेज पर असर सिर्फ हवा की वजह से नहीं होता। कार में अतिरिक्त वजन बढ़ने से भी इंजन को ज्यादा ऊर्जा लगानी पड़ती है। आम अनुमान के मुताबिक, हर अतिरिक्त 45 किलोग्राम वजन पर माइलेज करीब 1 फीसदी तक कम हो सकता है।
इसलिए यात्रा खत्म होने के बाद रूफ बॉक्स या कैरियर को हटाना समझदारी है। रोजमर्रा की ड्राइविंग में बेवजह अतिरिक्त एयर ड्रैग और वजन रखने से बचेंगे तो ईंधन की खपत भी नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: 20 हजार कमाने वाले भी खरीद सकते हैं CAR! 2026 में ये मॉडल जेब पर नहीं पड़ेंगे भारी
