त्योहारों के सीजन को ध्यान में रखते हुए, टाटा मोटर्स ने अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कारों Nexon EV, Punch EV और Tiago EV पर डिस्काउंट की घोषणा की है। Nexon EV की खरीद पर अधिकतम 3 लाख रुपये तक की बचत का मौका!

नई दिल्ली. देश में त्योहारों का सीजन लगभग शुरू हो चुका है। 3 अक्टूबर से नवरात्रि शुरू होने वाली है, जिसके बाद देश में त्योहारों का सीजन आधिकारिक तौर पर शुरू हो जाएगा। इस समय में लोग नई चीजें खरीदने के लिए ज़्यादा उत्सुक रहते हैं। ऑटो सेक्टर आमतौर पर त्योहारों के सीजन को लेकर काफ़ी उम्मीदें लगाए रहता है और इस सीजन का फ़ायदा उठाने के लिए नए-नए ऑफर भी देता है। इलेक्ट्रिक वाहनों का सबसे बड़ा पोर्टफोलियो रखने वाली ऑटो निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने त्योहारों के ऑफर पेश किए हैं। कंपनी ने अपनी दमदार और लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कारों Nexon.ev, Punch.ev और Tiago.ev पर ऑफर की घोषणा की है। इन ऑफर के ज़रिए, आप 3 लाख तक की छूट पा सकते हैं।

Tata Nexon.ev कार पर सबसे ज़्यादा छूट: कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर बताया है कि टाटा नेक्सॉन EV पर 3 लाख तक की छूट पाई जा सकती है। हालाँकि, यह वेरिएंट पर निर्भर करेगा। 3 लाख की छूट के बाद, इस कार की कीमत 12.49 लाख रुपये (एक्स शोरूम) हो जाएगी। इतनी बड़ी छूट के बाद, इस कार की कीमत इसके पेट्रोल वेरिएंट की कीमत के बराबर हो जाती है।

Tata Punch.ev कार पर भी छूट: टाटा नेक्सॉन ईवी के अलावा, कंपनी ने अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कार पंच ईवी पर भी छूट दी है। Punch.ev पर कंपनी ने 1.20 लाख तक की छूट की घोषणा की है। यह छूट वेरिएंट पर निर्भर करेगी। इसके अलावा Tiago.ev पर 40000 रुपये तक की छूट भी दी जा रही है। हालाँकि, ये सभी ऑफर 31 अक्टूबर तक ही मान्य होंगे।

टाटा मोटर्स की बिक्री पर नज़र डालें, तो इस बार इसमें बड़ी गिरावट देखने को मिली है। कंपनी की घरेलू बिक्री में 15% की गिरावट आई है। सितंबर में, कंपनी ने कुल 69694 यूनिट्स की बिक्री की थी, जबकि सितंबर 2023 में कंपनी ने 82023 यूनिट्स की बिक्री की थी। अगर कुल पैसेंजर वाहनों की बात करें, जिसमें इलेक्ट्रिक वाहन भी शामिल हैं, तो यह आंकड़ा 41063 यूनिट्स का रहा। सितंबर 2023 में यह आंकड़ा 44089 यूनिट्स का था। यहाँ 8% की गिरावट दर्ज की गई है। FY25 की दूसरी तिमाही में, कंपनी ने रिटेल बिक्री (वाहन पंजीकरण) में 5% की गिरावट देखी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred


वाणिज्यिक वाहन क्षेत्र की बात करें, तो यहाँ भी गिरावट दर्ज की गई है। सितंबर में, कंपनी ने 28631 यूनिट्स की बिक्री की थी, जबकि सितंबर 2023 में कंपनी ने 37214 यूनिट्स की बिक्री की थी। इस सेगमेंट में 23% की गिरावट दर्ज की गई है। दूसरी तिमाही में, वाणिज्यिक वाहनों की कुल बिक्री 79931 यूनिट्स रही।