भारत में बजट डीजल कारों के कई बेहतरीन विकल्प उपलब्ध हैं। प्रमुख मॉडलों में टाटा नेक्सन, महिंद्रा XUV 3XO, हुंडई वेन्यू और किआ सेल्टोस शामिल हैं। ये सभी SUVs 1.5 लीटर इंजन के साथ आती हैं और दमदार परफॉर्मेंस देती हैं।
देश में भले ही प्रदूषण को लेकर नियम सख्त हो गए हैं, लेकिन डीजल कारों के दीवानों की कोई कमी नहीं है। अगर आप भी एक डीजल फैन हैं और एक नई, बजट में आने वाली डीजल गाड़ी खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो हम आपके लिए कुछ बेहतरीन ऑप्शन लेकर आए हैं। इस लिस्ट में टाटा, किआ, हुंडई और महिंद्रा की गाड़ियां शामिल हैं। आइए, इन कारों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
टाटा नेक्सन
टाटा नेक्सन में 1.5 लीटर का डीजल इंजन मिलता है। यह 1.5 लीटर का चार-सिलेंडर इंजन 115 हॉर्स पावर की ताकत और 260 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन (AMT) का ऑप्शन मिलता है। टाटा नेक्सन की कीमत 9 लाख रुपये से शुरू होकर 14.22 लाख रुपये तक जाती है।
टाटा कर्व
टाटा कर्व में भी 1.5 लीटर का डीजल इंजन दिया गया है, जो 118 हॉर्स पावर और 260 Nm का टॉर्क पैदा करता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड DCT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के ऑप्शन के साथ आता है। कर्व की सबसे खास बात इसका कूप-एसयूवी बॉडी स्टाइल और डीजल इंजन के साथ मिलने वाला क्विक-शिफ्टिंग डुअल-क्लच ट्रांसमिशन (DCT) है। इसकी कीमत 11.2 लाख से 19.1 लाख रुपये के बीच है।
महिंद्रा XUV 3XO
महिंद्रा XUV 3XO को पावर देने के लिए इसमें 1.5 लीटर का डीजल इंजन लगा है। यह इंजन 117 हॉर्स पावर की ताकत और 300 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। यह गाड़ी 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन (AMT), दोनों में उपलब्ध है। यह डीजल इंजन अपने बेहतरीन परफॉर्मेंस, कम स्पीड पर टर्बो लैग के शानदार कंट्रोल और लीनियर पावर डिस्ट्रिब्यूशन के लिए काफी पॉपुलर है। इसकी कीमत 8.95 लाख से 13.43 लाख रुपये के बीच है।
हुंडई वेन्यू
हुंडई की SUV लाइन-अप में वेन्यू, एक्सेंटर और क्रेटा के बीच की जगह भरती है। इसके डीजल वेरिएंट में 1.5 लीटर का चार-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 116 हॉर्स पावर और 250 Nm का टॉर्क पैदा करता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है। सेकंड-जेनरेशन वेन्यू में पहली बार ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन भी दिया गया है। इसकी कीमत 9.88 लाख रुपये से शुरू होकर 15.64 लाख रुपये तक जाती है।
किआ सेल्टोस
कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में किआ सेल्टोस कई प्रीमियम फीचर्स ऑफर करती है। इसमें 1.5 लीटर का 4-सिलेंडर डीजल इंजन है, जो 116 हॉर्स पावर और 250 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का ऑप्शन मिलता है। यही इंजन किआ सोनेट और हुंडई वेन्यू में भी आता है। सेल्टोस की खासियत इसकी पिछली सीटें हैं, जो काफी स्पेस और वेंटिलेशन (सिर्फ कुशन) ऑफर करती हैं। इसकी कीमत 10 लाख से 15.8 लाख रुपये के बीच है।
