Kia Sorento Price: किआ सोरेन्टो भारत में लॉन्च हो गई है। जानिए इसके माइलेज वाले हाइब्रिड इंजन, 7-सीटर स्पेस, बोस साउंड, प्राइस और AI फीचर्स की पूरी जानकारी।
Kia Sorento Launched: अगर आप अपनी पूरी फैमिली के लिए एक ऐसी बड़ी SUV ढूंढ रहे हैं, जिसमें सब आराम से बैठ सकें, रास्ते में पेट्रोल का बिल देखकर जेब ढीली न हो और सड़क पर चलते ही लोग पलटकर देखें, तो आपके काम की खबर आ गई है। किआ (Kia) ने भारत में अपनी सबसे प्रीमियम SUV सोरेन्टो (Sorento) लॉन्च कर दी है। इस नई गाड़ी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹27.99 लाख रखी गई है। आइए जानते हैं कि इस नई फैमिली कार में आपको क्या-क्या खास मिलने वाला है...
Kia Sorento बाहर से दिखने में कैसी है?
- किआ सोरेन्टो का लुक काफी मस्कुलर और मॉडर्न है।
- आगे की तरफ सिग्नेचर 'टाइगर नोज' ग्रिल, खड़ी एलईडी हेडलाइट्स और स्टाइलिश टी-शेप (T-shaped) वाली डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs) मिलती हैं।
- बंपर पर सिल्वर रंग की स्किड प्लेट, एलईडी फॉग लाइट्स और ऊपर रूफ रेल्स दिए गए हैं।
- साइड लुक को दमदार बनाने के लिए इसमें बड़े 19-इंच के डुअल-टोन अलॉय व्हील्स लगे हैं।
Sorento के अंदर का केबिन कैसा है?
सीटिंग ऑप्शन: इसे आप अपनी जरूरत के मुताबिक 6-सीटर (कैप्टन सीट्स) या 7-सीटर विकल्प में चुन सकते हैं।
डबल स्क्रीन सेटअप: डैशबोर्ड पर 12.3-इंच की दो बड़ी स्क्रीन हैं। एक ड्राइवर के लिए डिजिटल मीटर और दूसरी टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट के लिए।
म्यूजिक और सनरूफ: गानों के शौकीनों के लिए 12-स्पीकर वाला दमदार 'Bose' साउंड सिस्टम है और ऊपर बड़ा पैनोरमिक सनरूफ दिया गया है, जिससे अंदर बैठने पर काफी खुला-खुला महसूस होता है।
स्मार्ट गेट: डिक्की खोलने के लिए हाथ लगाने की जरूरत नहीं, इसमें पावर्ड टेलगेट (इलेक्ट्रिक बूट) मिलता है।
किआ सोरेन्टो: आपकी आवाज पर काम करेगी कार
इस SUV में सबसे बड़ा आकर्षण Kia AI Assistant है। यह कोई आम वॉइस कमांड नहीं, बल्कि लाइव जनरेटिव AI है, यानी यह आपकी बात को इंसानों की तरह समझकर जवाब देता है। इसके अलावा सुरक्षा के लिए इसमें Level 2+ ADAS फीचर दिया गया है, जो सड़क पर अचानक आने वाली रुकावटों और लेन से भटकने पर गाड़ी को खुद संभालने में मदद करता है।
Kia Sorento Engine: डीजल की ताकत या हाइब्रिड की बचत?
माइलेज और शांति चाहने वालों के लिए (Strong-Hybrid)
इसके टॉप वेरिएंट्स में 1.6-लीटर का टर्बो-पेट्रोल इंजन एक इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी (स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड) के साथ आता है। जब यह हाइब्रिड मोड पर चलती है, तो भारी ट्रैफिक में भी पेट्रोल का खर्च बहुत कम हो जाता है। इसमें 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है।
लंबी दूरी और पावर के दीवानों के लिए (Diesel)
इसके शुरुआती मॉडल्स में 2.2-लीटर का डीजल इंजन दिया गया है, जो 190 BHP की जबरदस्त ताकत और 442 Nm का पिकअप पैदा करता है। इसमें 8-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स आता है।
AWD का भरोसा
चाहे आप डीजल मॉडल चुनें या हाइब्रिड, दोनों में ही आगे के पहियों से चलने वाला (FWD) और चारों पहियों पर पावर देने वाला (All-Wheel Drive-AWD) ऑप्शन मौजूद है। यानी पहाड़ों या कच्चे रास्तों पर गाड़ी फिसलेगी नहीं।


