महिंद्रा की नई इलेक्ट्रिक SUV BE 07 जल्द लॉन्च होगी, जो टाटा हैरियर EV को टक्कर देगी। इसमें ADAS जैसे हाई-टेक फीचर्स और 450 km तक की रेंज मिल सकती है। यह RWD और AWD विकल्पों में आएगी।
महिंद्रा अपनी इलेक्ट्रिक SUVs की लाइनअप को लगातार बढ़ा रही है। कंपनी अब एक नई इलेक्ट्रिक SUV लाने जा रही है, जिसका नाम BE 07 हो सकता है। यह मार्केट में पहले से मौजूद टाटा हैरियर EV को सीधी टक्कर देगी। कंपनी ने अगस्त 2022 में BE 07 का कॉन्सेप्ट दिखाया था और अब इसका प्रोडक्शन वेरिएंट जल्द ही बाजार में आ सकता है। हालांकि, महिंद्रा ने अभी तक इसकी ऑफिशियल लॉन्च डेट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। आइए जानते हैं कि कंपनी इस नई SUV में क्या खास फीचर्स दे सकती है।

कैसा होगा डिजाइन?
लीक हुई तस्वीरों के मुताबिक, नई BE 07 का डिजाइन काफी हद तक इसके कॉन्सेप्ट मॉडल जैसा ही होगा। इस SUV में आगे और पीछे की तरफ खड़ी विंडस्क्रीन, मोटा सी-पिलर, और मस्कुलर, चौकोर व्हील आर्च दिए गए हैं। टेस्ट मॉडल में दरवाजों में लगे फ्लश हैंडल, बड़े एयरो-डायनैमिक डिजाइन वाले व्हील्स, कूलिंग के लिए एयर इनलेट वाला फ्रंट बंपर और साइड स्टेप्स भी देखे गए हैं। हो सकता है कि प्रोडक्शन मॉडल में कॉन्सेप्ट वाले कुछ डिजाइन एलिमेंट्स को थोड़ा बदला जाए।
प्रीमियम इंटीरियर और फीचर्स
इंटीरियर की बात करें तो, उम्मीद है कि BE 07 में कंपनी की नई इलेक्ट्रिक SUVs, XEV 9e और XEV 9S जैसे कई फीचर्स मिलेंगे। रिपोर्ट्स बताती हैं कि इसमें ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप दिया जा सकता है। इसके अलावा, वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, प्रीमियम ऑडियो सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस चार्जर, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और डुअल-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स भी मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह SUV ऑगमेंटेड रियलिटी हेड-अप डिस्प्ले (AR HUD), एयर प्यूरीफायर, 360-डिग्री कैमरा, ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग सिस्टम और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे फीचर्स के साथ काफी हाई-टेक हो सकती है।
मिलेगी 450 किलोमीटर तक की रेंज
कंपनी ने BE 07 के पावरट्रेन के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन रिपोर्ट्स बताती हैं कि BE 07 में 60kWh से 80kWh तक के बैटरी पैक ऑप्शन मिल सकते हैं। एक बार फुल चार्ज होने पर यह इलेक्ट्रिक SUV करीब 450 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज देगी। उम्मीद है कि महिंद्रा इस SUV को रियर-व्हील ड्राइव (RWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) दोनों ऑप्शन में लॉन्च करेगी। RWD वेरिएंट इलेक्ट्रिक मोटर से लगभग 231 bhp से 286 bhp तक की पावर देगा, जबकि AWD मॉडल दो मोटरों से 340 bhp से 394 bhp तक की पावर जनरेट कर सकता है।
किनसे होगा मुकाबला?
साइज के मामले में भी BE 07 काफी बड़ी SUV होगी। कॉन्सेप्ट मॉडल के आधार पर, इसकी लंबाई 4,565 mm, चौड़ाई 1,900 mm और ऊंचाई 1,660 mm होने की उम्मीद है। इसका व्हीलबेस 2,775 mm हो सकता है, जिससे केबिन के अंदर काफी जगह मिलेगी। लॉन्च होने पर, महिंद्रा BE 07 का मुकाबला विनफास्ट VF7 और टाटा हैरियर EV जैसी इलेक्ट्रिक SUVs से होगा।
