Maruti Baleno facelift 2026: मारुति बलेनो फेसलिफ्ट 5 सितंबर को लॉन्च होने वाली है, जिसमें बड़े अपडेट्स मिलेंगे। कार के बाहरी और भीतरी डिजाइन में बड़े बदलाव होंगे। इसमें स्विफ्ट वाला नया Z-सीरीज इंजन, बड़ी टचस्क्रीन और ADAS जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है।
Baleno 2026 New Model: इंडियन कार मार्केट में धूम मचाने वाली मारुति सुजुकी की पॉपुलर हैचबैक बलेनो अब नए अवतार में आने के लिए तैयार है। कंपनी 2026 मारुति बलेनो फेसलिफ्ट को 5 सितंबर को भारत में लॉन्च करेगी। 2022 में आई दूसरी पीढ़ी की बलेनो के बाद यह पहला बड़ा अपडेट है। लॉन्च से पहले ही नई बलेनो की टेस्टिंग के दौरान ली गई तस्वीरें कई बार लीक हो चुकी हैं। इससे कार के बाहरी और भीतरी डिजाइन में होने वाले बदलावों का अंदाजा लग गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो इंजन समेत तकनीकी सिस्टम में भी बड़े सुधार किए जाएंगे।
फ्रंट लुक में होंगे बड़े बदलाव
कंपनी नई बलेनो के फ्रंट लुक में बड़े डिजाइन चेंजेज करने वाली है। इसमें एक नई ग्रिल होगी, जिसके बीच में क्रोम फिनिश वाली एक पट्टी होगी। यह पट्टी हेडलैंप्स को जोड़ती हुई दिखेगी। मौजूदा बूमरैंग शेप वाले LED DRLs बने रहेंगे। हालांकि, बंपर में बदलाव किए जाने की संभावना है। इस कार में नया फॉग लैंप सिस्टम भी मिल सकता है। कहा जा रहा है कि नए डिजाइन के 16-इंच के अलॉय व्हील्स और बदला हुआ रियर बंपर भी नई बलेनो के डिजाइन का हिस्सा होंगे।
मिलेगी 10.1 इंच की बड़ी स्क्रीन
कार के इंटीरियर में भी बलेनो को और ज्यादा प्रीमियम बनाने वाले बदलाव मिलने की उम्मीद है। मौजूदा सिस्टम की जगह 10.1 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम आ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें 'विक्टोरिस' में इस्तेमाल होने वाला सिस्टम ही लगाया जाएगा।
इसके अलावा वायरलेस फोन चार्जर, नई केबिन थीम, बेहतर सीट अपहोल्स्ट्री और ट्रिम भी मिल सकते हैं। कार में सिंगल-पेन सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें और लेवल 1 ADAS सिस्टम भी शामिल किए जाने की संभावना है। हालांकि, रिपोर्ट्स में कहा गया है कि डैशबोर्ड का डिजाइन, फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील, ट्रेपेजॉयडल एसी वेंट्स और HVAC कंट्रोल के लिए फिजिकल नॉब्स मौजूदा मॉडल की तरह ही रहेंगे।
इंजन में भी होगा बदलाव
नई बलेनो में स्विफ्ट में इस्तेमाल हो रहा 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर Z-सीरीज पेट्रोल इंजन दिए जाने की संभावना है। यह इंजन 82 PS की पावर और 112 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। मैनुअल और AMT गियरबॉक्स के ऑप्शन मिलते रहेंगे। एक और खास रिपोर्ट यह है कि यह मारुति सुजुकी की पहली कार बन सकती है, जिसमें AMT गियरबॉक्स के साथ CNG पावरट्रेन दिया जाएगा।
कीमत में मामूली बढ़ोतरी
नई बलेनो की कीमत में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है। मौजूदा मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 5.99 लाख से 9.48 लाख रुपये के बीच है। नए मॉडल की कीमत भी लगभग इतनी ही रह सकती है। टाटा अल्ट्रोज, हुंडई i20 और टोयोटा ग्लैंजा नई बलेनो की मुख्य प्रतिद्वंद्वी होंगी। अब देखना यह है कि नए डिजाइन, ज्यादा फीचर्स और नए इंजन ऑप्शन के साथ आने वाली बलेनो फेसलिफ्ट को बाजार में कैसा रिस्पॉन्स मिलता है।
