मारुति सुजुकी 10 लाख से कम में एक नई इलेक्ट्रिक कार ला रही है। यह एक डेडिकेटेड EV होगी जिसकी रेंज 250-315 किमी होगी, जो शहर में रोज़ाना चलाने के लिए बेस्ट है। इसे एरीना डीलरशिप से बेचा जा सकता है।

मारुति सुजुकी अब भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 10 लाख रुपये से कम में एक नई इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने की योजना बना रही है। फॉर्च्यून इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, मारुति की इस आने वाली इलेक्ट्रिक कार की एक्स-शोरूम कीमत करीब 8.50 लाख से 10.50 लाख रुपये के बीच हो सकती है।

शहर में चलाने के लिए होगी बेस्ट

यह कार शहर में रोज़ाना चलाने के लिए बेस्ट होगी। कंपनी का फोकस महंगी इलेक्ट्रिक SUVs की तरह बहुत लंबी रेंज देने पर नहीं, बल्कि शहर और आसपास के इलाकों में रोज़ के सफर को आसान बनाने पर है। उम्मीद है कि यह सिंगल चार्ज में करीब 250 से 315 किलोमीटर तक की रेंज देगी, जो टाटा टियागो EV के बराबर है।

पेट्रोल कार का इलेक्ट्रिक वर्जन नहीं

रिपोर्ट की सबसे खास बात यह है कि इस नई मॉडल को किसी मौजूदा पेट्रोल कार का इलेक्ट्रिक वर्जन बनाकर नहीं बेचा जाएगा। यह एक डेडिकेटेड EV होगी, जिसे शुरू से ही इलेक्ट्रिक कार के तौर पर डिजाइन किया जाएगा। इससे कंपनी को बैटरी के लिए बेहतर जगह बनाने, केबिन स्पेस बढ़ाने और इलेक्ट्रिक पार्ट्स को ज्यादा बेहतर तरीके से फिट करने में मदद मिलेगी।

टारगेट: 10 लाख रुपये से कम कीमत

गाड़ी की कीमत को 10 लाख के अंदर रखने के लिए कंपनी ज्यादा से ज्यादा लोकल पार्ट्स का इस्तेमाल करेगी और इसमें छोटा बैटरी पैक दिया जाएगा। इसका टार्गेट एक्स-शोरूम प्राइस 8.50 लाख से 10.50 लाख रुपये के बीच है। अगर ऐसा होता है, तो देश के आम ग्राहकों के लिए इलेक्ट्रिक कार खरीदना और भी आसान हो जाएगा। यह कार उन ग्राहकों को भी टारगेट करेगी जो अभी वैगनआर या स्विफ्ट जैसी गाड़ियां खरीदने का सोचते हैं।

एरीना डीलरशिप से होगी बिक्री

मारुति अपनी प्रीमियम eVX को नेक्सा डीलरशिप से बेचती है, लेकिन इस सस्ती इलेक्ट्रिक कार को एरीना (Arena) डीलरशिप के जरिए बेचा जा सकता है। देश में एरीना का नेटवर्क बहुत बड़ा है, जिससे मारुति अपने मौजूदा ग्राहकों तक इस नई EV को तेजी से पहुंचा सकेगी। एरीना, जो भारत के सबसे बड़े पैसेंजर व्हीकल रिटेल नेटवर्क्स में से एक है, इस नए मॉडल के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट साबित हो सकता है।

eVX के बाद अब सस्ती EV पर फोकस

मारुति सुजुकी ने इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट में देर से एंट्री की, लेकिन eVX के साथ अच्छी शुरुआत की है। eVX का मुकाबला हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक और विनफास्ट जैसी गाड़ियों से है। लेकिन eVX की ज्यादा कीमत कई ग्राहकों के लिए एक रुकावट है। ऐसे में यह सस्ती कार मारुति की EV सेल्स को काफी बढ़ा सकती है।

क्या जापान वाली e-Sky से कोई कनेक्शन है?

हाल ही में सुजुकी ने जापान में e-Sky नाम की एक सस्ती इलेक्ट्रिक हैचबैक लॉन्च की थी। हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि भारत में आने वाली मारुति EV का e-Sky से कोई कनेक्शन है या नहीं। e-Sky की लंबाई 3,395 मिमी और व्हीलबेस 2,460 मिमी है। इसका वजन करीब 1,030 किलोग्राम है और इसमें 'टॉल बॉय' डिजाइन का इस्तेमाल किया गया है ताकि छोटे साइज में भी ज्यादा केबिन स्पेस मिल सके।

310 किलोमीटर की रेंज

e-Sky में 26 kWh का बैटरी पैक है, जो सिंगल चार्ज पर 310 किलोमीटर तक की रेंज देता है। क्या भारत के लिए बन रही मारुति की नई सस्ती EV में e-Sky की टेक्नोलॉजी इस्तेमाल होगी, इस पर अभी कोई जानकारी नहीं है। मारुति सुजुकी ने अभी तक इस नई कार के नाम, बैटरी कैपेसिटी, चार्जिंग स्पीड, सटीक रेंज और लॉन्च डेट के बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।