मर्सिडीज-बेंज 4 नवंबर को भारत में नई इलेक्ट्रिक GLC एसयूवी लॉन्च करेगी। इसे 36 घंटे में 650 से अधिक बुकिंग मिली हैं और इसका निर्माण चाकन प्लांट में हो रहा है। कीमत व फीचर्स का खुलासा लॉन्च पर होगा।
नई दिल्लीः मर्सिडीज-बेंज अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी GLC के साथ भारतीय लग्जरी ईवी मार्केट में तहलका मचाने को तैयार है। कंपनी ने 5 अक्टूबर को इस नई कार की बुकिंग शुरू की थी। आपको जानकर हैरानी होगी कि रजिस्ट्रेशन शुरू होने के महज 36 घंटे के अंदर ही इसे 650 से ज्यादा बुकिंग मिल गईं। भारत में यह कार 4 नवंबर को आधिकारिक तौर पर लॉन्च होगी। कंपनी ने बताया है कि GLC 400 4MATIC इलेक्ट्रिक की डिलीवरी नवंबर के मध्य से शुरू कर दी जाएगी।
भारत में ही हो रही मैन्युफैक्चरिंग
मर्सिडीज-बेंज ने नई इलेक्ट्रिक GLC को महाराष्ट्र के चाकन प्लांट में बनाने का फैसला किया है। यह इस मॉडल की एक बड़ी खासियत है क्योंकि यह कंपनी के नेक्स्ट-जेनरेशन इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लेटफॉर्म पर भारत में बनने वाली पहली एसयूवी है। नई GLC को पूरी तरह से इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए बनाए गए खास आर्किटेक्चर पर तैयार किया गया है। इस नए मॉडल के जरिए कंपनी भारत में लोकली बनने वाली लग्जरी इलेक्ट्रिक गाड़ियों की अपनी रेंज को और बढ़ा सकेगी। अगले बैच के लिए भी रजिस्ट्रेशन फिलहाल जारी हैं।
कीमत और फीचर्स पर सस्पेंस बरकरार
कंपनी ने अभी तक भारत में GLC 400 4MATIC इलेक्ट्रिक की कीमत का खुलासा नहीं किया है। इसके अलावा बैटरी कैपेसिटी, इलेक्ट्रिक मोटर की पावर, चार्जिंग क्षमता और सिंगल चार्ज पर मिलने वाली ड्राइविंग रेंज जैसी डिटेल्स भी अभी पर्दे के पीछे हैं। उम्मीद है कि 4 नवंबर को होने वाले ऑफिशियल लॉन्च इवेंट में कार के फीचर्स और इंडियन वर्जन से जुड़ी सारी जानकारी सामने आ जाएगी।
36 घंटे में 650 से ज्यादा बुकिंग
मर्सिडीज-बेंज इंडिया के सेल्स और मार्केटिंग वाइस प्रेसिडेंट ब्रेंडन सिसिंग ने बताया कि बाजार में आने से पहले ही सिर्फ 36 घंटे में 650 से ज्यादा रजिस्ट्रेशन मिलना एक बड़ी कामयाबी है। उन्होंने कहा कि लोगों का यह जबरदस्त रिस्पॉन्स इस बात का इशारा है कि इलेक्ट्रिक GLC भारत में लॉन्च होने वाले सबसे कामयाब मर्सिडीज-बेंज मॉडल्स में से एक बन सकती है।
जीत चुकी है जर्मन अवॉर्ड
भारतीय बाजार में एंट्री मारने से पहले ही इलेक्ट्रिक GLC ने '2026 जर्मन प्रीमियम कार ऑफ द ईयर' का अवॉर्ड अपने नाम कर लिया है। यह नया मॉडल पूरी तरह से इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर आ रहा है, जो फिलहाल भारत में बिकने वाले इसके पेट्रोल और डीजल वर्जन से एकदम अलग है। कंपनी जिन ग्राहकों ने रजिस्ट्रेशन किया है, उन्हें बुकिंग स्टेटस और डिलीवरी की संभावित टाइमलाइन की जानकारी देगी। आप ऑथराइज्ड डीलरशिप या ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। यह नई इलेक्ट्रिक एसयूवी मर्सिडीज-बेंज की 140वीं सालगिरह के जश्न के मौके पर आ रही है। 4 नवंबर को कीमत और फीचर्स के ऐलान के साथ ही भारत के लग्जरी ईवी मार्केट में एक नया और कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
