मारुति ब्रेज़ा का फेसलिफ़्ट जल्द आ रहा है, जिसमें नया 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलेगा। यह ज़्यादा पावरफुल होगा और टैक्स लाभ के कारण किफायती भी हो सकता है। इसमें 10.1-इंच स्क्रीन और ADAS जैसे नए फीचर्स भी शामिल होंगे।

गर आप एक नई और दमदार कॉम्पैक्ट SUV खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। मारुति सुजुकी अपनी सबसे पॉपुलर SUV ब्रेज़ा का नया फेसलिफ़्ट मॉडल लाने की तैयारी में है। हाल ही में इस गाड़ी को सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया। इस बार की खास बात यह थी कि टेस्टिंग वाली ब्रेज़ा के पीछे एमिशन-टेस्टिंग उपकरण लगे थे, जिसका मतलब है कि मारुति इसमें कोई नया और ज़्यादा पावरफुल इंजन टेस्ट कर रही है। त्योहारों के सीज़न में लॉन्च होने वाली यह SUV भारतीय बाज़ार में Hyundai Venue और Kia Sonet जैसी गाड़ियों को कड़ी टक्कर देगी।

और भी पावरफुल इंजन

अभी ब्रेज़ा में स्टैंडर्ड 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन ही मिलता है। यह इंजन अपनी पावर और अच्छे माइलेज के लिए जाना जाता है, लेकिन इसमें वो असली ड्राइविंग मज़ा नहीं है जो इसके कॉम्पिटिटर्स में मिलता है। इसी कमी को दूर करने के लिए, मारुति अब नई ब्रेज़ा में 1.0-लीटर, 3-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन देने वाली है। यह वही इंजन है जो कंपनी अपनी 'फ्रोंक्स टर्बो' में इस्तेमाल करती है। इस नए इंजन के साथ, ब्रेज़ा चलाने में पहले से ज़्यादा मज़ेदार और स्पोर्टी लगेगी।

कीमत

रिपोर्ट्स की मानें तो इसकी कीमत आपके बजट में होगी। दरअसल, भारत सरकार के नियमों के मुताबिक, 4 मीटर से छोटी और 1200cc से कम पेट्रोल इंजन वाली गाड़ियों पर सिर्फ 18% GST लगता है। मौजूदा ब्रेज़ा में 1500cc का बड़ा इंजन होने की वजह से इस पर पूरे 40% का टैक्स लगता है। अब, 1.0-लीटर टर्बो इंजन आने से मारुति को टैक्स में अच्छी-खासी बचत होगी। टैक्स कम होने से कंपनी इस पावरफुल टर्बो वेरिएंट को काफी किफायती कीमत पर लॉन्च कर सकती है।

कई नए एडवांस फीचर्स

नई ब्रेज़ा पहले से ज़्यादा स्पोर्टी और मॉडर्न दिखेगी। इसके आगे और पीछे के बंपर को फिर से डिज़ाइन किया जाएगा। ग्रिल और हेडलैंप्स में भी बदलाव देखने को मिलेंगे। गाड़ी में नए 16-इंच के अलॉय व्हील्स और आगे की तरफ एक मोटी स्किड प्लेट होगी। फीचर्स की बात करें तो, अब अंदर 9-इंच की जगह 10.1-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम देखने को मिलेगा। इसके अलावा, वायरलेस चार्जिंग, वेंटिलेटेड सीट्स और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स भी शामिल किए जाएंगे। रिपोर्ट्स हैं कि इस बार ब्रेज़ा में ADAS जैसा अहम सेफ्टी फीचर भी दिया जा सकता है।

बड़ा बूट स्पेस

कंपनी ब्रेज़ा फेसलिफ़्ट को ग्राहकों की अलग-अलग ज़रूरतों के हिसाब से कई ऑप्शन में लॉन्च करेगी। गाड़ी में पुराने 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन और CNG ऑप्शन के साथ-साथ नया टर्बोचार्ज्ड इंजन भी होगा। सबसे दिलचस्प बात CNG मॉडल को लेकर है। हो सकता है कि मारुति 'Victoris' जैसा कोई डिज़ाइन अपनाए, जिसमें CNG टैंक को गाड़ी के नीचे फिट किया जाता है। इससे डिग्गी में सामान रखने के लिए ज़्यादा जगह मिल जाएगी।