Cars Price Hike: 1 अक्टूबर से स्कोडा की कारें 20,000 रुपए तक महंगी हो रही हैं। जानिए किन मॉडल्स पर कितना असर पड़ेगा और नई स्लाविया फेसलिफ्ट कब लॉन्च होगी।
Skoda Cars Price Increase: त्योहारी सीजन में नई कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे ग्राहकों को बड़ा झटका लगा है। यूरोपीय ऑटोमोबाइल कंपनी भारत में मजबूत और प्रीमियम गाड़ियां बनाने के लिए पहचानी जाने वाली ऑटोमोबाइल कंपनी स्कोडा इंडिया (Skoda India) ने अपनी सभी कारों के दाम बढ़ाने का ऐलान किया है। 1 अक्टूबर से कारें ₹20,000 तक महंगी हो जाएंगी। अगर आपका भी प्लान स्कोडा की कोई नई कार अपने घर लाने का है, तो शोरूम जाने से पहले जान लीजिए कि किस मॉडल पर आपको कितने एक्स्ट्रा रुपए चुकाने होंगे।
1 अक्टूबर से कितनी महंगी होंगी स्कोडा की कारें?
कंपनी के मुताबिक, अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से एक्स-शोरूम कीमतों में 1.2 प्रतिशत तक का इजाफा किया गया है। किसी भी मॉडल पर ये बढ़ोतरी अधिकतम ₹20,000 तक ही रखी गई है। नई कीमतें 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी हो जाएंगी। यानी अगर आप आज 30 सितंबर को ही अपनी मनपसंद कार की बुकिंग लॉक कर लेते हैं, तो आप इस बढ़ी हुई कीमत से खुद को बचा सकते हैं।
स्कोडा की कारों के दाम अचानक बढ़ाने की क्या है वजह?
ऑटोमेकर के मुताबिक, कार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल (स्टील, मेटल और जरूरी ऑटो पार्ट्स) की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसके अलावा फैक्ट्रियों और सप्लाई चेन के रोजमर्रा के ऑपरेशनल खर्चे में भी इजाफा हुआ है। इसी लागत का थोड़ा सा हिस्सा संतुलित करने के लिए कंपनी को गाड़ियों के दाम में यह मामूली फेरबदल करना पड़ा है।
स्कोडा कारों के बिक्री का नया रिकॉर्ड
दिलचस्प बात यह है कि कीमतों में ये बढ़ोतरी ऐसे वक्त पर की गई है जब भारतीय बाजार में स्कोडा की गाड़ियों की जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है। पिछले पूरे साल में कंपनी ने कुल 72,655 कारें बेची थीं। इस साल 2026 में सिर्फ अगस्त तक ही कंपनी ने 50,000 से ज्यादा यूनिट्स बेचकर नया रिकॉर्ड बना लिया है। सालाना आधार पर कंपनी की बिक्री में 8 फीसदी से ज्यादा की छलांग दर्ज की गई है, जो भारत में ब्रांड की अब तक की सबसे बेहतरीन पहली छमाही है। कुशाक (Kushaq), स्लाविया (Slavia) और कायलाक (Kylaq) को ग्राहकों से जोरदार रिस्पॉन्स मिला है।
6 अक्टूबर को आ रही नई सेडान
कीमतें बढ़ाने के साथ-साथ कंपनी खरीदारों को लुभाने के लिए अपने नए प्रोडक्ट्स भी उतार रही है। इसी कड़ी में कंपनी अपनी पॉपुलर सेडान स्लाविया फेसलिफ्ट (Slavia Facelift) को लॉन्च करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसमें नया एक्सटीरियर लुक, रिफ्रेश्ड केबिन और कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं। इसके 1.0-लीटर TSI टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ पुराने टॉर्क कन्वर्टर की जगह बिल्कुल नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया जा रहा है। नई स्लाविया की आधिकारिक कीमतों की घोषणा 6 अक्टूबर को की जाएगी।
Octavia RS का दूसरा लॉट हुआ ₹6.70 लाख महंगा
स्पोर्ट्स कार और तेज रफ्तार के दीवानों के लिए मशहूर ऑक्टाविया आरएस (Skoda Octavia RS) के नए बैच की जानकारी भी सामने आ गई है। कंपनी ने इसके दूसरे बैच में केवल 50 यूनिट्स उतारी हैं, लेकिन इसकी कीमत में भारी उछाल आया है। नई एक्स-शोरूम कीमत ₹56.69 लाख तय की गई है, जो इसके पहले बैच की लॉन्च प्राइस से सीधे ₹6.70 लाख ज्यादा है।


