भारत में हाइब्रिड कारों की मांग बढ़ रही है। 2027 तक मारुति फ्रोंक्स और रेनो ब्रिजर हाइब्रिड एसयूवी लॉन्च होंगी। फ्रोंक्स से 35 किमी/लीटर का माइलेज मिलेगा, जबकि ब्रिजर में अधिक स्पेस होगा।

इंडियन ऑटो मार्केट में आजकल हाइब्रिड कारों की भारी डिमांड है। पेट्रोल और डीजल कारों के विकल्प के तौर पर लोग अब ज्यादा माइलेज देने वाले हाइब्रिड मॉडल्स को पसंद कर रहे हैं। मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा, हुंडई और किआ जैसी बड़ी कंपनियां इस सेगमेंट पर पूरा फोकस कर रही हैं। इसी कड़ी में 2027 तक दो नई हाइब्रिड एसयूवी मार्केट में एंट्री मारने वाली हैं, जिन पर सबकी नजरें टिकी हैं।

इस लिस्ट में मारुति सुजुकी की फ्रोंक्स फेसलिफ्ट और रेनो की नई ब्रिजर एसयूवी शामिल हैं। दोनों कंपनियों का टारगेट ग्राहकों को कम बजट में हाइब्रिड तकनीक और बेहतरीन माइलेज देना है। रिपोर्ट्स की मानें तो मारुति फ्रोंक्स हाइब्रिड 35 किलोमीटर प्रति लीटर से ज्यादा का माइलेज दे सकती है।

मारुति फ्रोंक्स हाइब्रिड

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारुति सुजुकी का नया हाइब्रिड सिस्टम कंपनी के 1.2-लीटर, तीन-सिलेंडर जेड-सीरीज पेट्रोल इंजन पर बेस्ड होगा। उम्मीद है कि यह इंजन मुख्य रूप से बैटरी चार्ज करने के लिए 'रेंज एक्सटेंडर' का काम करेगा, जबकि इलेक्ट्रिक मोटर कार को पावर देगी।

बैटरी पैक और इलेक्ट्रिक मोटर वाले इस सेटअप से 35 किमी प्रति लीटर से ज्यादा का माइलेज मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि मारुति इस नई तकनीक को टोयोटा के एटकिंसन साइकिल वाले स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम से कम लागत में तैयार करने का प्लान बना रही है। मौजूदा फ्रोंक्स के डिजाइन और स्टाइल में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, कार के बाहर और अंदर हाइब्रिड बैज जरूर देखने को मिल सकते हैं। मारुति ने अभी तक इस नए मॉडल की कीमत और फीचर्स का ऑफिशियल ऐलान नहीं किया है।

रेनो ब्रिजर हाइब्रिड

फ्रांसीसी कार निर्माता कंपनी रेनो भी भारत में अपनी नई हाइब्रिड एसयूवी लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। ब्रिजर कॉन्सेप्ट पर बेस्ड यह नई सब-4 मीटर एसयूवी 2027 में लॉन्च हो सकती है। इस कार को रेनो के लोकली डेवलप किए गए आरजीएमपी प्लेटफॉर्म पर बनाया जाएगा। इस प्लेटफॉर्म को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें पेट्रोल इंजन, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक सिस्टम तीनों फिट हो सकें। भारत जैसे उभरते बाजारों को ध्यान में रखते हुए रेनो एक मल्टी-मोड हाइब्रिड सिस्टम डेवलप कर रही है। नई ब्रिजर में 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर वाला हाइब्रिड सिस्टम दिया जा सकता है।

बॉक्सी डिजाइन और ज्यादा स्पेस

कॉन्सेप्ट मॉडल की तरह ही ब्रिजर में रफ-एंड-टफ लुक और हाई ग्राउंड क्लीयरेंस वाला एसयूवी डिजाइन मिलने की उम्मीद है। इस कार में रेनो डस्टर के कुछ डिजाइन एलिमेंट्स भी देखने को मिल सकते हैं। रेनो पीछे बैठने वाले यात्रियों के कंफर्ट पर भी खास ध्यान दे रही है। कंपनी ने बताया है कि पीछे की सीट पर 200 मिलीमीटर का नी-रूम और 400 लीटर का बूट स्पेस मिलेगा। रेनो की कोशिश ब्रिजर को इस सेगमेंट में सबसे ज्यादा स्पेस वाली कार के तौर पर पेश करने की है।

हाइब्रिड कार मार्केट में बढ़ेगा कॉम्पिटिशन

पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और मेंटेनेंस के खर्च को देखते हुए ग्राहक अब हाइब्रिड कारों को हाथों-हाथ ले रहे हैं। पेट्रोल इंजन की सहूलियत और इलेक्ट्रिक मोटर की एफिशिएंसी का यह कॉम्बो ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को अपनी तरफ खींच रहा है। हालांकि, मारुति फ्रोंक्स हाइब्रिड और रेनो ब्रिजर की सटीक कीमत, ऑफिशियल लॉन्च डेट और फाइनल माइलेज के आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं। मार्केट में लॉन्च होने के बाद ही ये डिटेल्स ग्राहकों के फैसले में अहम रोल निभाएंगी।