पिंडदान के दौरान चिराग पासवान के चचेरे भाई प्रिंस राज और दूसरे रिश्तेदार भी प्रमुखता से मौजूद थे। पिंडदान की क्रिया गंगा किनारे हुई। 

पटना। एलजेपी चीफ चिराग पासवान (LJP Chief Chirag Paswan) ने भारतीय परंपरा के अनुसार पिता रामविलास पासवान (Ram Vilas Paswan) का पिंडदान किया है। उन्होंने पिता के तर्पण की तस्वीरों को ट्विटर पर साझा किया है। चिराग, पासवान के इकलौते बेटे हैं और उन्होंने पिता को मुखाग्नि दी थी। पिंडदान के दौरान चिराग के चचेरे भाई प्रिंस राज और दूसरे रिश्तेदार भी प्रमुखता से मौजूद थे। पिंडदान की क्रिया गंगा किनारे हुई। केंद्रीय मंत्री और एलजेपी (LJP) संस्थापक रामविलास पासवान का इसी महीने 8 अक्तूबर को निधन हो गया था। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पासवान का अंतिम संस्कार पटना के दीघा घाट पर हुआ था। कई पार्टियों के अहम नेता अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। पासवान लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। दिल्ली के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। निधन से पहले उनकी हार्ट का ऑपरेशन भी किया गया था। बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। पासवान पीएम नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मामलों के मंत्री थे। 

भारत रत्न देने की मांग 
बीजेपी और एनडीए ने पासवान के निधन के बाद उन्हें भारत रत्न भी देने की मांग की थी। मांग करने वालों में बीजेपी के मंत्री प्रेम कुमार और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी भी शामिल हैं। मांझी ने तो प्रेसिडेंट रामनाथ कोविंद को चिट्ठी लिखकर भारत रत्न की मांग थी। मांझी ने कहा था- भारत रत्न ही रामविलास के कार्यों का सम्मान है। बिहार में विधानसभा चुनाव हैं। एलजेपी इस बार बिहार एनडीए में शामिल नहीं है। पिता के श्राद्ध के बाद चिराग पार्टी कैम्पेन में व्यस्त हो जाएंगे।