प्रेम-प्रसंग में कपल्स का घर छोड़कर भागने की घटनाएं न केवल फिल्मों में बल्कि वास्तविक जीवन में देखने को मिलती है। हालांकि ज्यादातर मामलों  में पुलिस के पास अपहरण का मामला दर्ज कराया जाता है। ऐसे ही एक मामले में बीती रात बेगूसराय के एक युवक ने पुलिस कस्टडी में आत्महत्या कर ली। 

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले के वीरपुर थाने में बीती रात एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही ये जानकारी मिली, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कस्टडी में किसी की मौत होना पुलिस के लिए बड़ा अपराध माना जाता है। घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी अवकाश कुमार ने थानेदार अमर कुमार लाइन क्लोज कर दिया है। पुलिस की हिरासत में फांसी लगा कर जान देने वाले युवक की पहचान वीरपुर थानाक्षेत्र के इंटर के छात्र विक्रम कुमार के रूप में की गई है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

23 जनवरी से गायब थी लड़की
मिली जानकारी के अनुसार विक्रम के परिजन दिल्ली में रहते हैं। विक्रम का गांव के ही किसी लड़की के साथ प्रेम संबंध था। जिसके साथ वो 23 जनवरी को भाग गया था। लड़की के भागने के बाद उसके परिजनों ने पुलिस में अपहरण की प्राथमिकी कराई थी। जिसमें विक्रम को नामजद किया गया था। मामले की छानबीन में जुटी पुलिस ने 23 मार्च को दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार कर वीरपुर लाई थी। 24 मार्च को लड़की का मजिस्ट्रेट के सामने बयान लिया गया था। जिसके बाद 24 की शाम को ही विक्रम ने हिरासत में ही फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। 

कोर्ट में दिया था जबरन अगवा करने का बयान
बताया जाता है कि मजिस्ट्रेट के सामने 164 का बयान देते हुए लड़की ने जबरन अपहरण करने का बयान दिया था। जिसके बाद से युवक काफी तनाव में था। स्थानीय लोगों ने बताया ने दोनों के बीच प्रेम संबंध था। परिजनों द्वारा मना किए जाने के बाद लड़की युवक के साथ भागी थी। लेकिन बाद में परिजनों के दवाब पर उसने पर युवक पर जबरन अपहरण का आरोप लगा दिया था। अपनी प्रेमिका की इस बेवफाई को युवक सह नहीं सका और मंगलवार रात करीब 8 बजे थाने के एक कमरे में फांसी लगा आत्महत्या कर ली। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करा लिया है। उसके परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।