बिहार में रोजाना महिलाओं और बच्चियों के साथ अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। अब दरभंगा जिले से पांच साल की बच्ची से रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसे गांव के ही एक युवक ने अंजाम दिया है।

पटना. बिहार के दरभंगा में 5 साल की बच्ची के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। यह मामला सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव का है। जहां पीड़िता की मां के द्वारा दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, पीड़िता के परिवार में शादी समारोह चल रहा था, इसी दौरान अचानक 5 वर्षीय बच्ची गायब हो गई। परिजनों ने जब खोजबीन शुरू की तो घर के पीछे के बगीचे में बच्ची बेहोशी की हालत में मिली। उसके कपड़े उसके बगल में रखे हुए थे। ग्रामीणों और परिजनों ने जब आसपास खोजबीन की तो झाड़ियों में छुपा एक युवक भी मिला, जिसने अपना घिनौना अपराध कबूल किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हैवानियत करने वाला बच्ची के गांव का निवासी
इस हैवानियत अंजाम देने वाला वाला युवक पीड़ित बच्ची के गांव का रहने वाला है, जिसका नाम ललित मंडल है। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। दरभंगा के सदर डीएसपी कृष्णनंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया बलात्कार का मामला प्रतीत होता है लेकिन, पुलिस अभी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। डीएसपी ने ये भी बताया कि आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उसने पूछताछ में अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार किया है। 

उपमुख्यमंत्री महिला, फिर भी महिलाओं के साथ हो रही हैवानियत
साल 2005 से अब तक बिहार में नीतीश कुमार की सरकार है। फिलहाल राज्य में एक उपमुख्यमंत्री महिला भी हैं। रेणु देवी राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री हैं। बावजूद इसके महिलाओं के प्रति अपराध के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। अक्टूबर 2020 में वैशाली की एक 20 साल की युवती को छेड़खानी का विरोध करने पर ज़िंदा जला दिया गया था, जिसकी मौत हो गई। वहीं मधुबनी की एक मूक बधिर नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म करके उसकी दोनों आंखों को फोड़ दिया गया था।

बिहार की ये घटनांए रोंगटे खड़े करने वाली
राज्य में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। होली के उल्लास के बीच 19 मार्च 2022 को बिहार के बांका जिले में एक 8 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या हुई। बर्बरता पूर्वक हुई इस हत्या से पहले बच्ची की आंखें फोड़ दी गई थीं। 
इससे पहले इस वर्ष की शुरुआत में मुज़फ्फरपुर में 12 साल की एक बच्ची को दुष्कर्म करके जलाने की घटना 12 जनवरी को सामने आई थी। इसके ठीक बाद फरवरी महीने में पूर्वी चंपारण ज़िले में 'हाथरस' दोहराया गया। यहां 12 साल की एक नेपाली मूल की बच्ची के साथ पहले सामूहिक दुष्कर्म किया गया और फिर हत्या करके उसके शव को जबरन जला दिया गया। फिर गया जिले की 6 साल की मासूम बच्ची के साथ हैवानियत का मामला सामने आया। 

प्रदेश में रोजाना 4 रेप की घटनाएं हो रहीं
कुछ दिन पहले ही शेखपुरा जिले के बरबीघा में 10 से 12 साल के बीच के 6 नाबालिग लड़कों ने आठ साल की 2 बच्चियों के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना को अंजाम दिया था। बिहार पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में रोजाना औसतन चार बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस के आंकड़े सच से बेहद दूर हैं। वास्तविक आंकड़े इन आंकड़ों से कहीं ज्यादा हैं।