बिहार की राजधानी पटना में एक छात्रा  के साथ सोमवार की रात सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है 

पटना: बिहार की राजधानी पटना में एक छात्रा के साथ सोमवार की रात सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक (नगर) विनय कुमार तिवारी ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में कुश नामक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले के तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गोपालगंज जिला निवासी पीड़िता ने पत्रकारों के सामने आरोपियों में से एक विनायक सिंह का नाम लेते हुए बताया कि एसके पुरी थाना क्षेत्र स्थित एक मॉल से कल देर शाम निकलने के समय उसने पिस्तौल का भय दिखाकर उसे एक कार में बिठा लिया। इसके बाद उसे पाटलीपुत्र थाना क्षेत्र स्थित एक फ्लैट में ले जाकर दुष्कर्म किया ।

वीडियो वायरल कर देने की दी धमकी

बीबीए की पीड़िता छात्रा ने आरोप लगाया कि विनायक के साथ वारदात के समय मौजूद उसके एक अन्य साथी संदीप मुखिया ने वीडियो बनाया और उसने भी वीडियो वायरल कर देने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि विनायक और संदीप के साथ दो और लड़के भी थे।

छात्रा ने बताया कि विनायक और संदीप दुष्कर्म करने के बाद उसे रास्ते में छोड़ गए जहां से वह अपने छात्रावास पहुंची और अपनी सहयोगी को वारदात के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)