Who is Anand Mohan: सुप्रीम कोर्ट ने DM हत्याकांड में पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई रद्द कर दी है। उन्हें 1 महीने में सरेंडर करना होगा। जानिए बाहुबली नेता की कहानी।

Bihar Bahubali Leader Anand Mohan Story: बिहार की सियासत का एक बड़ा और चर्चित नाम आनंद मोहन सिंह एक बार फिर सलाखों के पीछे जाने वाले हैं। गुरुवार, 26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने गोपालगंज के पूर्व डीएम (IAS) जी. कृष्णैय्या हत्याकांड में उनकी रिहाई का आदेश रद्द कर दिया है। कोर्ट ने साफ निर्देश दिया है कि आनंद मोहन को अगले 1 महीने के अंदर सरेंडर करना होगा। साल 2023 में बिहार सरकार ने जेल के नियमों में बदलाव करके उन्हें वक्त से पहले रिहा किया था। लेकिन अब देश की सबसे बड़ी अदालत के फैसले ने उनकी आजादी पर ब्रेक लगा दिया है। आखिर कौन हैं आनंद मोहन सिंह? कैसे एक स्वतंत्रता सेनानी परिवार का लड़का बिहार का सबसे बड़े बाहुबलियों में से एक बना और क्या है 1994 का वो खौफनाक मामला, जिसने उन्हें फांसी के फंदे तक पहुंचा दिया था? आइए जानते हैं पूरी कहानी...

आनंद मोहन कौन है?

आनंद मोहन का जन्म 26 जनवरी 1956 को बिहार के सहरसा जिले के पनगछिया गांव के एक राजपूत परिवार में हुआ। दादा रामबहादुर सिंह स्वतंत्रता सेनानी थे, तो घर का माहौल भी समाज सुधार और राजनीति और सामाजिक ढांचा वाला था। 1974 में जब जयप्रकाश नारायण (जेपी) ने इंदिरा गांधी सरकार के खिलाफ 'संपूर्ण क्रांति' का नारा दिया, तो 18 साल के आनंद मोहन पढ़ाई छोड़कर आंदोलन में कूद पड़े। इमरजेंसी के दौरान वे दो साल जेल में भी रहे। 1978 में जब बिहार में पिछड़ी जातियों को आरक्षण देने की बात उठी, तो आनंद मोहन इसके खिलाफ खड़े हो गए। उन्होंने सवर्ण जातियों के युवाओं को जोड़कर 'समाजवादी क्रांतिकारी सेना' नाम से अपनी एक प्राइवेट आर्मी तैयार कर ली। देखते ही देखते वे कोसी इलाके में अगड़ी जातियों के सबसे बड़े चेहरा बन गए।

तलवार से काटा था ब्राह्मण लड़की के रेपिस्ट का सिर

आनंद मोहन के बाहुबल की चर्चा पूरे बिहार में तब फैली, जब मधेपुरा में ब्राह्मण परिवार और सरकारी टीचर की बेटी के साथ कुछ बदमाशों ने रेप किया और उसे चाकू मारकर फेंक दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस घटना से भड़के आनंद मोहन अपने करीब 50 साथियों के साथ आरोपियों के गांव पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों को पकड़ा, जमकर पीटा और फिर तलवार से उनकी गर्दन काट दी। इतना ही नहीं, कटे हुए सिरों को तलवार की नोक पर रखकर पूरे गांव में भी घुमाया गया। यहीं से आनंद मोहन पर पहली बार गंभीर आपराधिक केस दर्ज हुआ, लेकिन इलाके के लोग उन्हें अपना 'रक्षक' भी मानने लगे।

जेल से जीता चुनाव और बढ़ने लगा दबदबा

1980 के दशक में आनंद मोहन पर NSA और क्राइम कंट्रोल एक्ट जैसे सख्त कानून लगे और पुलिस ने उन पर 25 हजार रुपए का इनाम रखा। 1990 में उन्होंने सरेंडर किया और जेल में रहते हुए महिषी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को 62,000 वोटों से हराकर पहली बार विधायक बनने का रिकॉर्ड बनाया। इसी दौर में मंडल कमीशन लागू होने पर बिहार दो हिस्सों में बंट गया। एक तरफ पिछड़ों की राजनीति करने वाले लालू यादव और पप्पू यादव थे, तो दूसरी तरफ आरक्षण के विरोधी आनंद मोहन। 1991 में मधेपुरा में आनंद मोहन और पप्पू यादव के समर्थकों के बीच भयंकर गोलीबारी हुई, जिसमें आनंद मोहन के दो समर्थक मारे गए। दोनों के बीच वर्चस्व की ये लड़ाई सालों तक सुर्खियों में रही।

दिसंबर 1994 में DM की हत्या

आनंद मोहन ने 1993 में अपनी अलग पार्टी 'बिहार पीपुल्स पार्टी' (BPP) बनाई और 1994 में अपनी पत्नी लवली आनंद को वैशाली से सांसद बनवाया। उनकी ताकत चरम पर थी, लेकिन 4 दिसंबर 1994 की एक घटना ने सब कुछ बदल दिया। आनंद मोहन के करीबी और मुजफ्फरपुर के बाहुबली छोटन शुक्ला की एके-47 से हत्या कर दी गई थी। 4 दिसंबर को मुजफ्फरपुर में छोटन शुक्ला की शवयात्रा निकली, जिसमें करीब 1 लाख लोग शामिल थे। मंच से लाउडस्पीकर पर आनंद मोहन भीड़ को संबोधित कर रहे थे। उसी वक्त पटना से मीटिंग करके लौट रहे गोपालगंज के डीएम जी. कृष्णैय्या की लाल बत्ती वाली कार वहां से गुजरी। भीड़ ने कार रोक ली। डीएम हाथ जोड़कर कहते रहे कि 'मेरी कोई गलती नहीं है, मैं तो इस जिले का डीएम भी नहीं हूं', लेकिन बेकाबू भीड़ ने उन्हें कार से खींचकर पीट-पीटकर और पत्थर से कुचलकर मार डाला। आरोप लगा कि आनंद मोहन ने ही माइक से भीड़ को उकसाया था।

आनंद मोहन का सियासी और कानूनी सफर

1990- जेल में रहते हुए पहली बार महिषी से विधायक बने।

1994- पत्नी लवली आनंद वैशाली से उपचुनाव जीतकर सांसद बनीं, इसी साल DM हत्याकांड हुआ।

1996- 1996 में जेल से ही समता पार्टी के टिकट पर शिवहर से सांसद बने।

1998- 1998 में RJD के टिकट पर शिवहर से सांसद बने।

2007- निचली अदालत ने DM हत्याकांड में फांसी की सजा सुनाई। फांसी पाने वाले देश के पहले सांसद बने।

2008 और 2012- पटना हाईकोर्ट ने फांसी को उम्रकैद में बदला, 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने उम्रकैद पर मुहर लगाई।

2023- नीतीश सरकार ने जेल मैनुअल से 'सरकारी अफसर की हत्या' वाला नियम हटाया, 27 अप्रैल को रिहा हुए।

2026- 26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने रिहाई का आदेश रद्द किया, 1 महीने में सरेंडर करने का आदेश।

आनंद मोहन की फैमिली में अभी कौन-कौन और क्या करते हैं?

आज आनंद मोहन का परिवार बिहार की राजनीति में पूरी तरह सक्रिय है। उनकी पत्नी लवली आनंद शिवहर से जदयू की सांसद हैं और बेटे चेतन आनंद नवीनगर से जदयू विधायक हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय से आनंद मोहन खुद जदयू के शीर्ष नेताओं से नाराज चल रहे थे और सार्वजनिक मंचों से पार्टी नेतृत्व पर तीखे हमले बोल रहे थे। अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद एक बार फिर बिहार की राजनीति गरमा गई है और सभी की नजरें आनंद मोहन के अगले कदम और उनके सरेंडर पर टिकी हैं।