बिहार में अपराध का ग्राफ लगतार बढ़ता जा रहा है। अपराधियों के निशाने पर जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ राजनीतिक दलों के नेता आ रहे हैं। ताजा मामला बेगूसराय जिले का है जहां दिनदहाड़े भाजपा नेता की हत्या कर दी गई।  

बेगूसराय। भारतीय जनता पार्टी के फायरब्रांड सांसद गिरिराज सिंह के संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में आज दिनदहाड़े एक भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोलीबारी की घटना में दो अन्य जख्मी हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि दोनों घायलों की स्थिति भी नाजुक है। जानकारी के अनुसार मृतक भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के महामंत्री धीरज भारद्वाज थे। गोली लगने से धीरज की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। लॉकडाउन के बीच दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की इस घटना से आसपास के लोगों में दशहत है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मटिहानी थाना क्षेत्र के कैथमा गांव की घटना
जानकारी के अनुसार गोलीबारी की घटना आपसी विवाद में हुई। घटना बेगूसराय के मटिहानी थाना क्षेत्र के कैथमा गांव में हुई। गोलीबारी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है। धीरज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जबकि दो अन्य जख्मी इस समय अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। मामले की छानबीन में जुटी पुलिस ने कहा कि आपसी विवाद के कारण गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया। छानबीन के बाद दोषी मिले व्यक्ति पर कार्रवाई की जाएगी। 

तीन दिनों में दो नेता व एक मुखिया पति की हत्या
उल्लेखनीय हो कि 15वें लोकसभा चुनाव में गिरिराज सिंह ने बेगूसराय से बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। वो अपने संसदीय क्षेत्र की गतिविधियों से बराबर जुड़े भी रहते हैं। बीते दिनों जब बेगूसराय में क्राइम का ग्राफ काफी बढ़ा हुआ था तो उन्होंने एसपी को कसकर फटकार भी लगाई थी। दूसरी ओर बीते तीन दिनों में बिहार के अलग-अलग जिलों में एक जनप्रतिनिधि के साथ-साथ दो राजनीतिक दलों के उभरते हुए नेताओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार को वैशाली में मुखिया पति तो सासाराम में छात्र राजद ने नेता की गोली मारकर हत्या की गई थी।