छोटे सरकार के नाम से मशहूर बिहार के बाहुबली विधायक अभी जेल में हैं। उन्हें जेल तक पहुंचाने में सबसे बड़ा योगदान 2016 बैच की आईपीएस ऑफिसर लिपि सिंह का रहा है। अब लिपि सिंह को मुंगेर का नया एसपी बनाया गया है।   

पटना। फिल्मों में तो आपने बाहुबली नेताओं और कड़क पुलिस अधिकारी की अदावत को खूब देखा होगा। लेकिन नेता-अधिकारी के बीचे की इस रस्साकशी को हकीकत में देखना हो तो आप बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और 2016 बैच की आईपीएस ऑफिसर लिपी सिंह की कहानी को देख सकते है। मोकामा विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक और 2019 लोकसभा चुनाव में मुंगेर से नीतीश सरकार से नंबर-2 मंत्री राजीव रंजन सिंह को तगड़ी चुनौती देने वाले अनंत सिंह आज यदि जेल में हैं तो इसके पीछे लिपी सिंह सबसे बड़ी भूमिका है। पटना के बाढ़ में एसडीपीओ रहते हुए लिपी सिंह ने अनंत सिंह को घुटनों पर ला दिया। अब उनके काम का इनाम भी मिला है। उन्हें एसडीपीओ से पदोन्नत कर मुंगेर का एसपी बनाया गया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

2015 में पास की आईपीएस की परीक्षा
लिपी सिंह ने 2015 में आईपीएस की परीक्षा पास की। उन्हें 114वां रैंक हासिल हुआ था। ट्रेनिंग में अच्छा काम करने के बाद उन्हें बिहार कैडर अलॉट किया गया। जिसके बाद उनकी पहली पोस्टिंग नालंदा जिले में की गई। बता दें कि वो नांलदा जिले की पहली आईपीएस ऑफिसर थी। नालंदा के बाद लिपी का तबादला पटना में किया गया। जहां वो बाढ़ की एडिशनल एसपी बनी। लेकिन बाढ़ आते ही उनकी लड़ाई छोटे सरकार के नाम से मशहूर अनंत सिंह से शुरू हो गई। बता दें कि अनंत सिंह का पैतृक घर बाढ़ के लदमा में हैं। 

पहली जीत अनंत सिंह को मिली
अनंत सिंह बनाम लिपी सिंह की लड़ाई में पहली जीप अनंत सिंह को मिली। समय था लोकसभा चुनाव 2019 का। अनंत की पत्नी नीलम देवी कांग्रेस के टिकट से मुंगेर से चुनाव लड़ रही थी। बता दें कि बाढ़ का इलाका मुंगेर लोकसभा सीट में ही आता है। नीलम ने चुनाव आयोग में लिपी सिंह के खिलाफ शिकायत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि लिपि सिंह बेवजह उनके समर्थकों को परेशान कर रही है। नीलम की शिकायत पर लिपी सिंह का एटीएस में कर दिया गया। हालांकि अनंत की पहली जीत थी। लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ती चली गई। 

पत्नी को मिली हार, घर में मिला एके-47
तमाम कोशिशों के बाद भी लोकसभा चुनाव में अनंत सिंह की पत्नी को हार का सामना करना पड़ा। लोकसभा चुनाव के कुछ ही दिनों बाद लिपी सिंह फिर से बाढ़ की एसडीपीओ बनाई गई। जिसके बाद उन्होंने अनंत सिंह नदमा स्थित पुस्तैनी आवास पर छापा मार कर एके-47 बरामद किया। इसी बीच अनंत सिंह का अपने एक दुश्मन की हत्या की साजिश रचने का ऑडियो क्लिप भी वायरल हुआ। एके-47 की बरामदगी के बाद लिपी सिंह ने अनंत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया। हालांकि अनंत सिंह ने बिहार पुलिस को गच्चा देते हुए दिल्ली के साकेत कोर्ट में जाकर सरेंडर किया। 

मुंगेर के हथियार तस्करों पर लगेगी लगाम
अनंत से सरेंडर करने के बाद लिपी सिंह उन्हें दिल्ली से बिहार लेकर आई। जिसके बाद वो पटना के बेऊर जेल में रखे गए। कुछ दिनों पहले उन्हें पटना से भागलपुर जेल भेज दिया गया। अनंत के खिलाफ पुलिस चार्जशीट फाइल कर चुकी है। जिस अनंत के डर के आगे कोई खड़ा होने की हिम्मत नहीं करता था लिपी सिंह ने उसे नाकों चने चबवा दिए। अब वो मुंगेर की एसपी बनाई गई है। मुंगेर हथियार तस्करी के लिए पूरे देश में विख्यात है। उम्मीद है कि लिपी के मुंगेर की कमान संभालने के बाद हथियार तस्करी पर लगाम लगेगी। 

राज्यसभा सांसद की बिटिया हैं लिपी
ये तो रहा लिपी सिंह के प्रोफेशन कैरियर की बात। यदि उनके पसर्नल प्रोफाइल की बात करें तो लिपि सिंह जदयू के राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह की बेटी हैं। इस वजह से कई बार उनपर जदयू सरकार को फेवर करने क आरोप भी लगा है। उनके हालिया तबादले को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राजीव रंजन सिंह मुंगेर सासंद के देखरेख में फिल्डिंग कसी जा रही है। हालांकि इन आरोपों के इतर लिपि ने अनंत पर विजय पाकर बड़ी कामयाबी अर्जित की है।